श्रीनगर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 29वीं बटालियन ने आतंकवाद प्रभावित जम्मू-कश्मीर के युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता से जोड़ने के उद्देश्य से ‘भारत दर्शन’ यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस यात्रा में नौगाम क्षेत्र के ‘बिस्मिल्लाह यतीम ट्रस्ट’ से जुड़े 20 छात्रों और उनके शिक्षकों को शामिल किया गया है।
यह 7 दिवसीय यात्रा 16 मार्च 2026 से 23 मार्च 2026 तक चल रही है। आज सुबह ये छात्र और शिक्षक श्रीनगर हवाई अड्डे से इंडिगो फ्लाइट के माध्यम से कोलकाता के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान वे कोलकाता और नई दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेंगे। वापसी में 19 मार्च को राजधानी एक्सप्रेस से नई दिल्ली से लौटेंगे और 23 मार्च को इंडिगो फ्लाइट से श्रीनगर वापस पहुंचेंगे।
सीआरपीएफ ने छात्रों के ठहरने, भोजन, यात्रा और अन्य सभी व्यवस्थाओं का पूर्ण प्रबंध किया है। इसके अलावा प्रत्येक छात्र को यात्रा बैग, जूते, ट्रैक सूट, टी-शर्ट, टोपी, मोजे आदि आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई है। यात्रा के दौरान छात्रों को कोलकाता और नई दिल्ली स्थित सीआरपीएफ शिविरों में ठहराया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों की सोच का विस्तार करना, उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना जगाना, ‘विविधता में एकता’ की समझ विकसित करना तथा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। विशेष रूप से अनाथ और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को इस यात्रा में प्राथमिकता दी गई है।
यात्रा के उद्घाटन समारोह का आयोजन आज ही 29वीं बटालियन के मुख्यालय, रावलपुरा, सनतनगर, श्रीनगर में किया गया। इसमें प्रदीप्त कुमार साहू (कमांडेंट-29वीं बटालियन) सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। उन्होंने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया, प्रेरित किया और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वर्तमान में 29वीं बटालियन श्रीनगर के अति संवेदनशील क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी ड्यूटी पर तैनात है। इसके बावजूद बल द्वारा नागरिक कार्रवाई कार्यक्रम के तहत ऐसे सामाजिक पहल जारी रखे जा रहे हैं, जो युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर प्रदान करते हैं।
यह यात्रा सीआरपीएफ के श्रीनगर सेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है और 29वीं बटालियन के पर्यवेक्षण में सभी तैयारियां पूरी की गई हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

