तमलुक ग्रामीण चक्र में दो सौ से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उठाई आवाज, 7 अक्टूबर को विकास भवन अभियान का ऐलान
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) लागू किए जाने के विरोध में सोमवार को तमलुक ग्रामीण चक्र में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। TET Affected Teachers के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में चक्र क्षेत्र के दो सौ से अधिक प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शनकारियों ने TET को वापस लेने की मांग करते हुए पूर्व मेदिनीपुर जिले के माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय निरीक्षक के नाम तमलुक ग्रामीण चक्र के अवर विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से डिपुटेशन सौंपा।
कार्यक्रम की शुरुआत चक्र कार्यालय से सटे मैदान में शिक्षक-शिक्षिकाओं के जमावड़े से हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विरोध मार्च निकाला और TET के विरोध में नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान “अमर्यादाकारी TET नहीं मानेंगे” जैसे नारे प्रमुखता से सुनाई दिए।
शिक्षकों का कहना है कि उन्होंने तत्कालीन सरकारी शिक्षा विभाग के निर्धारित नियमों के तहत आवश्यक शैक्षणिक एवं पेशागत योग्यता और चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद शिक्षक के रूप में नियुक्ति प्राप्त की है। उनके अनुसार, बाद के वर्षों में भी कई शिक्षकों ने NCTE के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपनी शैक्षणिक एवं पेशागत योग्यता में उन्नयन किया है और लंबे समय से सफलतापूर्वक शिक्षण कार्य कर रहे हैं।
तमलुक ग्रामीण चक्र के शिक्षक सतीश साउ, सुमित सामंत, शुभाशिस मल्लिक, कार्तिक साहु और नारायण मान्ना ने कहा कि लंबे समय से सेवा में कार्यरत शिक्षकों के लिए TET की नई बाध्यता को वे स्वीकार नहीं कर सकते। उनका कहना है कि 55 वर्ष से कम उम्र के कार्यरत शिक्षकों पर TET लागू करना उनके लिए अत्यंत असम्मानजनक है और इससे नौकरी पर संकट पैदा होने की आशंका है।
शिक्षकों ने कहा कि “शिक्षक समाज किसी भी परिस्थिति में TET देने के लिए तैयार नहीं है।” उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से इस विषय पर सकारात्मक पहल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पर शीघ्र विचार नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
कार्यक्रम में शिक्षिका काबेरिका मंडल, रूपा मजुमदार, कनकलता दास और मिठू बेरा तथा शिक्षक अलोक सिंह, तमाल दे, सुकुमार दास, मानस पंडा, देवकुमार दास और स्वपन कुमार मंडल सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
डिपुटेशन कार्यक्रम के पहले एक बड़ा विरोध मार्च निकाला गया। इसके बाद आयोजित सभा में कार्तिक साहु, सुमित सामंत, सतीश साउ, शुभाशिस मल्लिक, नारायण मान्ना और संदीप जाना सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने वक्तव्य रखा।
सभा के अंत में आगामी 7 अक्टूबर को विकास भवन में कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि TET के मुद्दे पर उनकी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की रणनीति बनाई जाएगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

