खड़गपुर। दिनांक 5 सितंबर 2026 को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1, आईआईटी खड़गपुर में 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। यह दिवस विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता, सम्मान और आभार व्यक्त करने के लिए समर्पित रहा।
समारोह का शुभारंभ विशेष प्रातःकालीन सभा से हुआ। बाल वाटिका के बच्चों ने “गुरुब्रह्मा गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेश्वर” – की संगीत में प्रस्तुति के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रिशिका भौमिक ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
उन्होंने भारत के महान दार्शनिक, शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन शिक्षण व्यवसाय की गरिमा, महत्ता और आदर्शों का प्रेरणास्रोत है।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इनमें गीत, नृत्य, नाटिका एवं अन्य मनोरंजक प्रस्तुतियाँ शामिल थीं। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने शिक्षकों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और विद्यालय परिसर को उल्लास एवं उमंग से भर दिया।
कुछ विद्यार्थियों ने एक दिन के लिए शिक्षकों की भूमिका भी निभाई और कक्षा-संचालन की जिम्मेदारी संभाली। इस गतिविधि ने समारोह को मनोरंजक होने के साथ-साथ अनुभवात्मक एवं सार्थक भी बनाया।
समारोह का समापन शिक्षकों के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। शिक्षक दिवस केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्सव का अवसर नहीं था, बल्कि यह विद्यार्थियों के लिए उन शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी था, जो निरंतर अपने ज्ञान, मार्गदर्शन, धैर्य और प्रोत्साहन से विद्यार्थियों के जीवन को दिशा प्रदान करते हैं।
सम्पूर्ण कार्यक्रम ने विद्यालय में गुरु-शिष्य परंपरा, सम्मान और आत्मीयता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

