खड़गपुर। तमलुक थाना क्षेत्र के रामताड़कहाट स्थित लावण्या होटल में स्कूल शिक्षिका की हत्या के मामले को लेकर ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन की पूर्व मेदिनीपुर जिला कमिटी ने तमलुक थाने पर प्रदर्शन व डिपुटेशन किया। संगठन ने हत्यारे को कठोर सजा देने और राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित बार, होटल व शराब की दुकानों को बंद करने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि मृत शिक्षिका पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा की निवासी थीं और पांशकुड़ा थाना क्षेत्र के मेचोग्राम स्थित एक निजी स्कूल में अस्थायी शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं।
सरस्वती पूजा के दिन वे स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। रात में परिजनों से अंतिम बार संपर्क हुआ, इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। रविवार तड़के पुलिस ने लावण्या होटल से उनका शव बरामद किया।
मृतका के पिता ने नियोजित हत्या का आरोप लगाते हुए तमलुक थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ताम्रलिप्त मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने गिरफ्तारी की आशंका में कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने होटल को सील कर दिया था। उन्होंने हाईवे किनारे बार, होटल बंद करने की मांग की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

