तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पूर्व मिदनापुर जिले के तमलुक ब्लड सेंटर में रक्त की कमी की समस्या उत्पन्न हो गई है। खासकर थैलेसीमिया रोगियों के लिए पर्याप्त रक्त नहीं है। इस संकट को दूर करने के लिए मेदिनीपुर क्विज सेंटर सोशल वेलफेयर सोसाइटी आगे आई है।
रक्त की कमी का कारण बताते हुए आयोजकों ने कहा कि गर्मी के बाद लगातार बारिश के कारण जिले में रक्तदान शिविर नहीं हो पा रहे हैं।
इसके परिणामस्वरूप ताम्रलिप्त मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ब्लड सेंटर में रक्त की कमी हो गई है। जिले के विभिन्न हिस्सों से आने वाले रोगियों के परिवार रक्त नहीं मिलने से परेशान हैं।
ऐसे में मेदिनीपुर क्विज सेंटर सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने रक्त की कमी को दूर करने के लिए ‘इन हाउस ब्लड डोनेशन’ का आयोजन किया।
इस पहल में 24 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं। सोसाइटी के सदस्य सौमेन गायेन ने कहा कि लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, खासकर आपातकालीन स्थिति में।
सोसाइटी ने सभी रक्तदाताओं का अभिनंदन किया और उन्हें धन्यवाद दिया। सोसाइटी के सचिव सुजन बेरा ने रक्तदाताओं को सम्मानित किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

