तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। सुनील कुमार गुप्ता, आईएएस (सेवानिवृत्त) को आईआईटी खड़गपुर के रिसर्च पार्क फाउंडेशन, कोलकाता में मुख्य – रणनीति क्रियान्वयन एवं संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। बुधवार को उन्होंने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया।
गुप्ता भारतीय प्रशासनिक सेवा (पश्चिम बंगाल कैडर) के 1987 बैच के प्रतिष्ठित अधिकारी रहे हैं। उन्होंने आईआईटी कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक. तथा स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क, बफ़ेलो से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है।
अपने विशिष्ट प्रशासनिक करियर के दौरान वे कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं, जिनमें भारत के उपराष्ट्रपति के सचिव के रूप में कार्य करना विशेष उल्लेखनीय है। संस्थान की ओर से उम्मीद जताई गई कि शासन, नीति-निर्माण और संस्थागत रणनीति में उनके अनुभव से रिसर्च पार्क के इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग एवं नवाचार-आधारित उद्यमिता के मिशन को और भी सुदृढ़ता मिलेगी।
इस अवसर पर आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने अपनी शुभकामनाएँ देते हुए कहा – “हमें सुनील कुमार गुप्ता का आईआईटी खड़गपुर परिवार में स्वागत करते हुए हर्ष हो रहा है। उनके नेतृत्व और अनुभव से हमारे रिसर्च पार्क की रणनीतिक पहल को नई गति मिलेगी और उद्योग एवं समाज से गहरे जुड़ाव को बढ़ावा मिलेगा।”
बता दें कि रिसर्च पार्क फाउंडेशन, कोलकाता, स्वयं को भारत के प्रमुख इनोवेशन, इन्क्यूबेशन एवं एंटरप्राइज डेवेलपमेंट केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है और इसमें गुप्ता का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

