सुमन घोष भाजपा के श्रीरामपुर सांगठनिक जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए

हुगली। भारतीय जनता पार्टी के श्रीरामपुर सांगठनिक जिला के नवनियुक्त अध्यक्ष सुमन घोष को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि सुमन घोष इससे पूर्व भी एक बार इस पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं और उनकी संगठनात्मक कुशलता के कारण उन्हें पुनः यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले सुमन घोष के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन को और सशक्त करने की उम्मीद है। उनके अध्यक्ष चुने जाने के बाद जिले के भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे जोश और उल्लास के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर चांपदानी मंडल के अधिवक्ता नीरज सिंह, अरुण सरकार, कार्तिक साव, दुर्गा वर्मा सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। वहीं अशोक वर्मा ने भी सुमन घोष के अध्यक्ष चुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें शुभकामनाएँ दीं। भावुक अंदाज में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुमन घोष ने कहा कि आप सभी का यह स्नेह और समर्थन मेरे लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।

मैं वादा करता हूँ कि आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करूंगा। मेरा लक्ष्य रहेगा कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर भारतीय जनता पार्टी को और मजबूत बनाया जाए। उनके इस संकल्प ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी है, जिससे संगठन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two × 1 =