खड़गपुर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईआईटी खड़गपुर में आयोजित 32वीं केन्द्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) 2026-27 के संभागीय स्तर के कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रथम दिवस में वरिष्ठ वर्ग तथा द्वितीय दिवस में कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने विज्ञान, ऊर्जा, नवाचार एवं सतत विकास से जुड़े अपने प्रोजेक्ट एवं नवाचार प्रस्तुत किए।
द्वितीय दिवस में कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने निर्णायक मंडल के समक्ष अपनी परियोजनाएँ प्रस्तुत कीं। आईआईटी खड़गपुर के विभिन्न विभागों के प्रोफेसरों ने निर्णायक मंडल के रूप में परियोजनाओं का मूल्यांकन किया तथा विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में भव्य समापन समारोह (Valedictory Function) आयोजित किया गया। इस अवसर पर कोलकाता संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मंच से अपने अनुभव साझा किए। प्राचार्या डॉ. रिकिशा भौमिक द्वारा प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। विशेष अतिथि के रूप में ए.के. रक्षित, सेवानिवृत्त PGT (रसायन विज्ञान) भी मौजूद रहे।
इस आयोजन में प्रस्तुत परियोजनाओं में से सर्वश्रेष्ठ 24 परियोजनाओं का चयन किया गया, जो केन्द्रीय विद्यालय संगठन के राष्ट्रीय स्तर के NCSC कार्यक्रम में कोलकाता संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस चयन को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।
अपने संबोधन में डॉ. रिकिशा भौमिक ने NCSC के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मंच विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, रचनात्मकता, नवाचार एवं समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले आईआईटी खड़गपुर के सभी निर्णायकों, एस्कॉर्ट शिक्षकों, विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के विद्यार्थियों, आयोजन स्थल के शिक्षकों एवं कर्मचारियों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से ए.के. रक्षित, सेवानिवृत्त PGT (रसायन विज्ञान) के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए उनका धन्यवाद किया।
दो दिवसीय यह आयोजन विद्यार्थियों को विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा सतत एवं ऊर्जा-सक्षम भविष्य के लिए नए विचार विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

