खड़गपुर। वन महोत्सव के माध्यम से जीव वैचित्र्य संरक्षण में मेउदीपुर हाई स्कूल ने अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर ग्रामीण के मेउदीपुर हाई स्कूल में वन महोत्सव का उत्साह पूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने मिलकर 68 पौधे लगाए। जिनमें से कुछ स्कूल में, कुछ स्कूल के पास नदी बांध पर और कुछ कंसाबती नदी के तट पर लगाए गए।
विद्यालय ने जीव वैचित्र्य को ध्यान में रखते हुए पौधों का चयन किया। इनमें से 18 पौधे वृक्ष जाति के हैं, जिनमें पक्षियों के लिए उपयुक्त पौधे जैसे डुमुर, पाकुर, बरगद, अश्वत्थ, जामुन, चेरी, अमरूद आदि शामिल हैं। वहीं नागलिंगम, कुड़ची, जरुल, रुद्र पलाश जैसे विरले पौधे भी लगाए। विद्यालय ने सजावट के साथ-साथ तितलियों को आकर्षित करने के लिए लैंटाना, दत्तप्रिया, डेमियाना, रंगन, पाउडर पफ, स्टार पेटर जैसे पौधे भी लगाए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रलय कांति सांतरा ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ पर्यावरण और जीव वैचित्र्य की रक्षा, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ मन के विकास पर समान जोर आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन समिति ने हमेशा सहयोग किया है और आज हमें स्थानीय लोगों का भी सहयोग मिला है।

इस अवसर पर स्थानीय प्रतिष्ठित लोग, छात्र, शिक्षक और शिक्षाकर्मियों की स्वैच्छिक भागीदारी ने वास्तव में विद्यालय में उत्सव का माहौल बना दिया। एक छोटे से ग्रामीण विद्यालय में इस तरह की पहल वास्तव में दुर्लभ माना गया। विद्यालय का वातावरण बता रहा था कि यह प्रयास एक दिन का नहीं है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।
