खड़गपुर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पश्चिम मेदिनीपुर में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और ग्राम सभा की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से ‘मॉडल यूथ ग्राम सभा – लोकतंत्र की पाठशाला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कक्षा नवम के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्राम सभा की गतिविधियों, कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक निर्णय प्रक्रिया से परिचित कराने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, सहभागिता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना था।
कार्यक्रम का संचालन सौभिक मंडल एवं अंतरा शीट ने किया। कार्यक्रम के समन्वयक टीजीटी (सामाजिक विज्ञान) सुनील कुमार तथा पीजीटी (इतिहास) सुधा उपाध्याय रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ उप-प्राचार्य नम्रता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जवाहर नवोदय विद्यालय, पश्चिम मेदिनीपुर के पूर्व शिक्षक बी.एन. माइती उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को ग्राम सभा, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें प्रेरित किया।
मॉडल ग्राम सभा के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न संवैधानिक एवं स्थानीय प्रशासनिक भूमिकाओं का प्रभावी निर्वहन किया। कक्षा नवम की छात्रा अत्रयी दे ने सरपंच तथा कुमारी अर्पिता ने उप-सरपंच की भूमिका निभाई।
विद्यार्थियों ने ग्राम सभा की कार्यवाही को वास्तविक रूप में प्रस्तुत करते हुए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा, विचार-विमर्श और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने जाना कि ग्राम सभा स्थानीय लोकतंत्र की महत्वपूर्ण इकाई है और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस गतिविधि से विद्यार्थियों में नेतृत्व, संवाद, निर्णय लेने की क्षमता, सहयोग, सामाजिक जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास हुआ।
कार्यक्रम के अंत में डी.सी. भद्र, पीजीटी (बंगला) ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में श्रीनिवास प्रसाद, एस. कुमार एवं राजेश पोद्दार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और उत्साह के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

