बॉलीवुड डेस्क, मुंबई | 30 अक्टूबर 2026: घंटी बज चुकी है, मुकाबला अब कड़ा हो चुका है और कैंपस में मौजूद है एक कातिल! जियोहॉटस्टार ने ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया है।
यह सीरीज दर्शकों को सेंट टेरेसा के जाने-पहचाने कॉरिडोर में वापस ले जाती है, जहाँ महत्वाकांक्षा, आपसी रंजिश और नंबर वन बनने की रेस एक बेहद घातक मोड़ ले लेती है।
डबल रोल में शनाया कपूर
डबल रोल निभा रही शनाया कपूर के साथ-साथ अभिनव सिंह, दिविक शर्मा, मान्या ग्रोवर, दीया दमानी, आदि मलिक, शीबा चड्ढा और विवेक गोम्बर के अभिनय से सजी इस सीरीज में आइकॉनिक कैंपस को एक नया और डार्क ट्विस्ट दिया गया है।
यहाँ हर कोई सिर्फ जीतने की होड़ में है और कोई एक शख्स ऐसा राज़ छुपा रहा है जो जानलेवा है।
कहानी का सार
जब सेंट टेरेसा की सबसे लोकप्रिय ‘क्वीन बी’ आयशा मलिक (शनाया कपूर) मृत मिलती है, तो उसकी जुड़वां बहन अदिति (शनाया कपूर) यह मानने से साफ इनकार कर देती है कि यह महज एक हादसा है।
सच का पता लगाने का फैसला लेकर अदिति खुफिया तरीके से स्कूल में पहुँचती है और बेहद कड़े मुकाबले वाले ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ कॉन्टेस्ट में उतरती है।
वहाँ पहुँचकर उसे पता चलता है कि उसकी बहन का सबसे कड़ा मुकाबला उसके सबसे करीबी सर्कल से ही था। कातिल को बेनकाब करने के लिए उसे इस रेस में सबसे आगे निकलना होगा—फिर चाहे इसके लिए उसे कुछ भी क्यों न करना पड़े।
आज की पीढ़ी पर सवाल
यह सीरीज आज की उस पीढ़ी की नब्ज़ टटोलती है जिसमें सबसे ऊँचे मुकाम पर पहुँचना एक सनक बन सकता है और महत्वाकांक्षा लोगों को हर हद पार करने पर मजबूर कर सकती है।
‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ नंबर वन बनने के जाने-पहचाने सपने से जुड़ा एक डरावना और संजीदा सवाल पूछता है—‘‘जीतने के लिए आप क्या कुछ खोने और कुर्बान करने को तैयार हैं?’’
ओरिजिनल ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ अगर जीतने के सपने के बारे में थी, तो ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ जीत हासिल करने की कीमत के बारे में है।
शनाया कपूर का बयान
शनाया कपूर ने कहा, “एक कलाकार के तौर पर आयशा और अदिति का किरदार निभाना मेरे लिए सबसे चुनौतीपूर्ण और सुकून देने वाले अनुभवों में से एक रहा है। भले ही दोनों बहनें दिखने में एक जैसी होती हैं, लेकिन उनकी शख्सियत और उनकी पसंद–नापसंद बिल्कुल अलग रहती हैं।
‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ की जिस बात ने मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित किया, वह यह है कि यह एक बेहद चहेती फ्रेंचाइजी को एक बिल्कुल अनजाने और अप्रत्याशित दायरे में ले जाती है।”
डायरेक्टर रीमा माया का बयान
डायरेक्टर रीमा माया ने कहा, “‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर – आफ्टर डार्क’ में बेबाकी, कसक और जज्बा है। यह आज के युवाओं के लिए है। मैं उस अंधी और अंतहीन दौड़ को टटोलना चाहती थी जिसके दलदल में आज के युवा फंसे हुए हैं।
यह एक मर्डर मिस्ट्री और कॉम्पिटिशन सीरीज है, जिसमें यह मुकाबला खुद जांच-पड़ताल का एक हिस्सा है।”
रिलीज़ डिटेल
धर्मैटिक एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित और रीमा माया द्वारा निर्देशित यह सीरीज 13 नवंबर से सिर्फ जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

