दुर्गापुर। कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की अमर स्मृतियों को नमन करते हुए, दुर्गापुर हिंदी भाषा मंच के तत्वावधान में प्रेमचंद जयंती 2026 के उपलक्ष्य में दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित मिनी सृजनी सभागार में आज एक भव्य एवं प्रेरणास्पद “लिखित त्वरित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
भारतीय साहित्य के पुरोधा की जयंती के इस पावन अवसर पर आयोजित इस बौद्धिक एवं साहित्यिक अनुष्ठान में दुर्गापुर और सन्निकट क्षेत्र के 16 प्रतिष्ठित विद्यालयों से कुल 108 मेधावी परीक्षार्थियों ने अतीव उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस गरिमामयी अवसर पर मंच के महासचिव धर्मेंद्र यादव, समन्वयक जयप्रकाश नारायण ओझा, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ० सत्यदेव ओझा, उपाध्यक्ष शंकर गुप्ता, डॉ. प्रदीप यादव और नरेश शर्मा उपस्थित रहे।
समन्वयक जे.पी.एन. ओझा ने दुर्गापुर हिन्दी भाषा मंच और इस प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डाला जबकि महासचिव धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता भारतीय संस्कृति , साहित्य और मनीषियों के बारे में जानने का माध्यम है।
कार्यकारी अध्यक्ष डॉक्टर सत्यदेव ओझा ने अपने अध्यक्षीय भाषण में बच्चों को सफलता की शुभकामना दी। प्रतियोगिता के समय गणमान्य सदस्य उपेंद्र नाथ मिश्रा, शिक्षक डॉ. जितेन्द्र मिश्रा, श्याम कुमार मंडल, शिक्षक अजय चौधरी, डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय, चंद्रबली सिंह आदि उपस्थित रहकर प्रतियोगिता का सफलता पूर्वक संचालन में सहयोग किया।
मंच संचालन एवं प्रतियोगिता संबंधित सारी व्यवस्था एवं दायित्व का कुशल एवं सफल निर्वहन दिनेश राम, श्वेता देब और संतोष कुमार शर्मा ने तन्मयता के साथ संपन्न किया। प्रतियोगिता में सोलह विभिन्न शिक्षण संस्थानों से एक सौ आठ विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इन विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में उत्सुक अभिभावकगण भी उपस्थित रहकर इस कार्यक्रम के साक्षी बने। प्रतियोगिता के अंत में मंच के उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप यादव ने उपस्थित सभी प्रतियोगियों, उनके अभिभावकों, स्कूल और उनके शिक्षकों के प्रति धन्यवाद के साथ आभार व्यक्त किया।
आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता का परिणाम अगले महीने अगस्त के अंतिम सप्ताह में घोषित किया जाएगा तथा परिणाम विद्यालय एवम् प्रतियोगियों द्वारा दिए गए नंबर पर भेज दिया जाएगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

