खड़गपुर। हाल ही में स्वतंत्र राष्ट्र वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई का पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेचेदा में जबरदस्त विरोध हुआ। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि हाल ही में स्वतंत्र राष्ट्र वेनेजुएला पर अमेरिकी साम्राज्यवाद के प्रतीक डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में हुए सैन्य हमले और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो तथा उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के अपहरण ने दुनिया को हिलाकर रख दिया।
काराकास में बमबारी, बिजली व्यवस्था ठप करना और मादुरो दंपति को उनके निवास से उठा लेना अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन है। अमेरिका ने इसे “नार्को-टेररिज्म” के आरोपों से जायज ठहराया, लेकिन कई देशों, विशेषज्ञों और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इसे अवैध आक्रमण व अपहरण करार दिया।
उन्होंने कहा कि इस घटना के खिलाफ विश्वभर में जनाक्रोश फैल गया है। भारत में भी कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी कड़ी में मेचेदा में सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के नेतृत्व में पांच माथा मोड़ पर जोरदार प्रदर्शन के साथ जुलूस निकाला गया।

कार्यकर्ताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया। पुतला दहन की रस्म पार्टी के जिला नेता व मेचेदा लोकल कमिटी सचिव सुब्रत दास ने पूरी की। अपने संबोधन में सुब्रत दास ने कहा कि मादुरो की बिना शर्त रिहाई तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने अमेरिकी साम्राज्यवाद के का विरोध और स्वतंत्रता प्रेमियों को सड़कों पर उतरने का आह्वान किया। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए – अमेरिका वेनेजुएला की संप्रभुता का सम्मान करे और उसके तेल संसाधनों पर कब्जे की मंशा छोड़े।
वक्ताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन वेनेजुएला की जनता के प्रति एकजुटता का प्रतीक है, जो साम्राज्यवादी हस्तक्षेप के खिलाफ वैश्विक विरोध की लहर दर्शाता है। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) ने चेतावनी दी कि ऐसे हमले अंतरराष्ट्रीय शांति को खतरे में डाल रहे हैं और सभी प्रगतिशील ताकतों को एकजुट होकर इसका विरोध करना चाहिए।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



