तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। श्रावण मास के दौरान बाबा तारकेश्वर पर जलाभिषेक के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने एक जोड़ी पांशकुड़ा-हल्दिया स्पेशल लोकल चलाने तथा हावड़ा-खड़गपुर सेक्शन की कुछ गैलोपिंग ईएमयू लोकल ट्रेनों को सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव देने की अधिसूचना जारी की है।
यह व्यवस्था श्रावण मास के रविवार 19 जुलाई, 26 जुलाई, 2 अगस्त, 9 अगस्त और 16 अगस्त को लागू रहेगी।
रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, पांशकुड़ा-हल्दिया स्पेशल सुबह 6:15 बजे पांशकुड़ा से रवाना होकर 7:55 बजे हल्दिया पहुंचेगी। वापसी में हल्दिया-पांशकुड़ा स्पेशल सुबह 8:05 बजे हल्दिया से चलकर 9:50 बजे पांशकुड़ा पहुंचेगी।
इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हावड़ा-खड़गपुर सेक्शन की गैलोपिंग ईएमयू लोकल ट्रेन संख्या 38808, 38810, 38823 और 38829 को भी संबंधित रविवारों में सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा।
पांशकुड़ा-हल्दिया-दीघा पैसेंजर वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव सरोज घाड़ा ने इसके लिए रेल अधिकारियों के प्रति धन्यवाद और कृतज्ञता व्यक्त किया है। उसके साथ-साथ हल्दिया के विधायक प्रदीप कुमार बिजली और नंदकुमार के विधायक निर्मल कुमार खाड़ा को भी संगठन के ओर से धन्यवाद और कृतज्ञता व्यक्त की है, इसलिए कि उन्होंने इस विषय पर डिविजनल रेलवे मैनेजर की दृष्टि आकर्षित किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि श्रावण के पहले रविवार को तारकेश्वर जाने वाली पहली लोकल ट्रेन में अत्यधिक भीड़ हो जाती है, जिससे यात्रियों को सुरक्षा संबंधी जोखिम उठाना पड़ता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए दूसरी स्पेशल लोकल का उपयोग करें, ताकि सुरक्षित और आरामदायक यात्रा कर सकें।
सरोज घाड़ा ने बताया कि एसोसिएशन ने रेलवे प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस स्पेशल लोकल को पांशकुड़ा से आगे हावड़ा तक चलाया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को पांशकुड़ा में ट्रेन बदलने की परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा और भविष्य में यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

