कोलकाता | 21 सितंबर 2025 : भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली की क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) में अध्यक्ष पद पर वापसी अब औपचारिकता भर रह गई है। कोई अन्य नामांकन दाखिल न होने के चलते गांगुली का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। बंगाल क्रिकेट में एक बार फिर ‘दादा’ की कप्तानी लौट रही है।
गांगुली के नेतृत्व वाले पूरे पैनल – बबलू कोले (सचिव), मदन मोहन घोष (संयुक्त सचिव), संजय दास (कोषाध्यक्ष) और अनु दत्ता (उपाध्यक्ष) – का भी निर्विरोध चुना जाना तय है।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष 53 वर्षीय गांगुली अपने बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली का स्थान लेंगे, जिन्हें लोढ़ा समिति के निर्देशों के अनुसार कार्यकारी पदों पर छह साल की समय सीमा पूरी होने के बाद पद छोड़ना पड़ा था।

