खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत घाटाल महकमा के समाजसेवक और कराटे प्रशिक्षक तथा एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी के घाटल लोकल कमिटी के कार्यकर्ता, छात्र संगठन एआईडीएसओ के राज्य कमिटी के सदस्य और विज्ञान आंदोलन के जिला के प्रमुख आयोजक तन्मय माईती का कल 28 जुलाई, 2025 को निधन हो गया।
सुबह पार्टी के संस्थापक शिवदास घोष की 50वीं स्मृति दिवस 5 अगस्त के कार्यक्रम की तैयारी में घाटाल के देवेंद्र भवन के पार्टी कार्यालय में अचानक दिल का दौरा पड़ गया।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें तत्काल घाटाल महकमा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने 11:53 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी उम्र मात्र 33 वर्ष थी।
आज शाम घाटाल अस्पताल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम के बाद शव को घाटाल के पार्टी कार्यालय में लाया गया, जहां पार्टी नेताओं और शुभचिंतकों ने फूलमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि देने वालों में पार्टी की राज्य कमिटी के सचिव मंडली के सदस्य कमल साई, पूर्व मेदिनीपुर उत्तर संगठनात्मक कमिटी के जिला सचिव प्रणब माईती और जिला सचिव मंडली के सदस्य सुजीत माईती प्रमुख थे। इसके बाद शव को गौरा स्थित उनके घर ले जाया गया, जहां परिवार के सदस्यों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
बाद में तन्मय के शव को उनके पूर्व कार्यस्थल मेदिनीपुर ले जाया गया, जहां पार्टी नेताओं और कराटे संगठन के नेताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। अंत में मेदिनीपुर के विद्युत चूल्हे में रात को अंतिम संस्कार किया गया।
पार्टी के घाटाल लोकल कमिटी के सचिव अंजन जाना ने कहा कि तन्मय माईती की मृत्यु से पार्टी ने एक सक्रिय कार्यकर्ता को खो दिया है। उन्होंने तन्मय के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
घाटल मास्टर प्लान रूपायन संग्राम कमिटी के संयुक्त सचिव नारायण चंद्र नायक और देवाशीष माईती ने कहा कि तन्मय माईती उनकी कमिटी के भी महत्वपूर्ण आयोजक थे। उन्होंने तन्मय की पत्नी तनुश्री सहित शोकसंतप्त परिवार और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

