ऋषि अरविंद बीएड कॉलेज की पहल : फुटबॉल संग महिलाओं की तीरंदाजी ने बांधा समां
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर स्थित ऋषि अरविंद इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर एजुकेशन के तत्वावधान में खेल और सामुदायिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।
मेदिनीपुर सदर ब्लॉक के पाँचखुरी अंतर्गत साँकोटी गाँव स्थित सिधु-कान्हू-बिरसा मैदान में एक दिवसीय नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट तथा महिलाओं के लिए तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।

फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद ‘मास्टर इलेवन’ ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि बाघ पिचला एफसी क्लब उपविजेता रहा।
वहीं, खेल के साथ महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में सजनी हेम्ब्रम ने प्रथम, अनिमा बास्के ने द्वितीय और मुखी बास्के ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
दोनों प्रतियोगिताओं का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. माधव चंद्र रथ ने किया। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार महाविद्यालय के अध्यक्ष मिहिर बारिक के हाथों प्रदान किए गए।
पूरे आयोजन के दौरान मैदान में दर्शकों की भारी उपस्थिति और उत्साहपूर्ण माहौल ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। इस सफल आयोजन में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, प्राध्यापिकाओं तथा सिधु-कान्हू-बिरसा क्लब के सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।
महाविद्यालय के सचिव मिथुन बारिक ने आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों, खिलाड़ियों और विजेताओं को शुभकामनाएं एवं बधाई दीं।
यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाला रहा, बल्कि शिक्षा संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता और ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरक पहल के रूप में भी याद किया जाएगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



