अमितेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर में तमाम स्वयंसेवी संगठनों व लोगों ने शनिवार को राखी बंधन उत्सव के अवसर पर सौहार्द का संदेश देने के लिए एक अनोखी पहल की। हर प्रकार के मतभेद भुलाकर पहल करने वालों ने लोगों को राखी पहनाई और भाईचारे का संदेश दिया।
संगठन के सदस्यों ने सुबह रक्षाबंधन की शुरुआत की और दिनभर विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को राखी पहनाई। इस अवसर पर संगठन के सदस्यों ने कहा कि यह बंगाल साम्प्रदायिक सौहार्द का बंगाल है, जहां सभी लोग भाई-भाई हैं। इसलिए सौहार्द बनाए रखने के लिए राखी बंधन उत्सव शुरू किया गया है।
राखी बंधन उत्सव में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता यहां तक की पुलिस प्रशासन के लोग भी खुशी-खुशी सम्मिलित हुए। इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक साम्प्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने का प्रयास किया।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि खड़गपुर एक बहुभाषी शहर है जहां विभिन्न भाषा भाषी व संप्रदाय के लोग पीढ़ियों से भाई-भाई की तरह रह रहे हैं। देश के हर राज्य के लोग यहां बस चुके हैं। हर पर्व-त्यौहार में लोग खुशी-खुशी शामिल होते हैं। हमें यह खुशहाली बनाए रखनी होगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



