मुंबई, 31 जनवरी 2026: बॉलीवुड अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी ने अपने अब तक के सफर को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर की है।
2008 की स्कूल फेयरवेल की पुरानी तस्वीर के साथ उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंसी छोड़कर अभिनय का रास्ता चुना और आज संजय लीला भंसाली के बैनर तले फिल्म ‘दो दीवाने सेहर में’ में काम कर रहे हैं।
सिद्धांत ने लिखा, “2008 में मैंने कभी नहीं सोचा था कि 18 साल बाद जिंदगी मुझे यहां तक ले आएगी। उस समय क्लास में सब इंजीनियर, डॉक्टर या एस्ट्रोनॉट बनने की बात करते थे। मैं चुपचाप अपने सपने छुपाए हुए था। हिम्मत के अभाव में अभिनेता बनने का सपना भीतर ही भीतर संजोया रहा।”

CA छोड़ने का बड़ा फैसला
सिद्धांत ने बताया कि सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंसी छोड़ने जैसा बड़ा फैसला लिया। इसके बाद ऑडिशन की लंबी कतारें, इंतजार और कई रिजेक्शन उनके सफर का हिस्सा बने।
उन्होंने कहा, “इस रास्ते में कई लोग मेरे साथ जुड़े, कई बीच रास्ते में भरोसा तोड़कर चले गए। लेकिन सपने मेरे हैं, तो सपनों का बोझ उठाना भी मेरी जिम्मेदारी है।”
भंसाली सर के बैनर पर काम – सपनों की उड़ान
सिद्धांत ने कहा कि भंसाली सर के बैनर तले काम करना उनके लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं है।
उन्होंने लिखा, “आज जब मुझे संजय लीला भंसाली सर के साथ काम करने का मौका मिला है, तो यह मेरे लिए बहुत बड़ा पल है।”
‘गली बॉय’ से ‘धड़क 2’ तक का सफर
‘गली बॉय’ से पहचान बनाने वाले सिद्धांत ने ‘गहराइयां’ और ‘खो गए हम कहां’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग किरदार निभाए हैं।
अब ‘धड़क 2’ और ‘दो दीवाने सेहर में’ के साथ वे अपने करियर के एक नए दौर में कदम रखने जा रहे हैं।
सिद्धांत ने कहा, “लोगों ने मुझे कभी घमंडी तो कभी जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वासी कहा, लेकिन मैं इसे अपनी महत्वाकांक्षा की रक्षा मानता हूं।”
उनका यह सफर बताता है कि सपनों तक पहुंचने के लिए हिम्मत, धैर्य और लगातार मेहनत सबसे जरूरी होती है। फैंस उन्हें इस नए सफर के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



