श्री गोपाल मिश्र की रचना : प्रजा की गणितीय पराजय

।।प्रजा की गणितीय पराजय।।

कोष्ठकों का छोटा सा घर-बार
सूत्रों से झिलमिल बंदनवार…
सांख्यिकी का गणितीय विस्तार।
संख्या के अश्कों को, पलकों पे उठाता गणित,
व गणित के प्रबंधन को, अंकों में सहेजती संख्या।
नन्हे मुन्ने अंक –
अंकों का अंग-विस्तार।
ज्यामिति ने निभाई दोस्ती
एक-एक बिंदु पर रेखाओं ने दिया साथ।
हजारों करोड़ों अंकों के, सैकड़ों सूत्रों से –
बस गया एक गांव –
विकास के आंकड़ों का।
इठलाने लगी संख्या,
गर्व से भर उठा गणित
लगने लगा ऐसा…
जैसे हर घर की इकोनॉमिक्स सुधर गयी हो
सारी स्टैस्टिक्स संवर गई हो।

उदारता के महीन भ्रम-जाल ने;
रच डाला एक मादक परिवेश,
ब्याज चक्रवृद्धि की खाद पर पलता,
फलता फूलता विदेश का निवेश।
शीत-ताप नियंत्रित बाज़ार के नियंत्रण पर
काला धन खिसकता पर- देश।
जोड़-तोड़ गुणा भाग की जटिल प्रक्रिया
लेती रही मासूम अंकों की परीक्षा।
लगती रही विविध सरकारों की कक्षा
होती रही संख्या की गोद की समीक्षा।
सबने माना, पूंजी अपनी है अल्पज्ञ
अतः प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का यज्ञ
उठता गिरता सेंसेक्स सर्वज्ञ
गाते रहे उन्नति-गान गणितज्ञ।

गणित व संख्या ने इक रोज
किया अपने आंकड़ों का सैर
स्तब्ध संख्या! चकित रह गया गणित!
जब दिखे विदेशी चेहरे ग़ैर।
अपने भोले-भाले अंक!
अनजान अक्षरों से घिर गए हैं
यानि सारे समीकरण बिगड़ गये हैं
एक्स वाई जेड अल्फा, बीटा थीटा नामक अजनबी –
हमारे आंकड़ों में पसर गये हैं…
अपने ही आंकड़ों में असुरक्षित अंक!
अंकों के घर उजड़ गए हैं।
रो पड़ी संख्या!
फट पड़ा गणित!
और हंस पड़ी सरकारी मशीनरी!!
अरे गणित! इन बीजगणित-त्रिकोणमिति दम्पती के बिना
क्षेत्रमिति किसी काम न आती
किस काम की तेरी गणितीय सम्पदा?
किस मूल्य की भला भूमि देहाती?

“नहीं! नहीं! उपजाऊ हैं मेरे अंक”
संख्या ने आंकड़े दिखाए।
हंस पड़ी मीडिया खिलखिला कर
“अरी नादान! आंकड़े वही जो सरकार दिखाए!”
सरकार भी गरजी –
“इन देशद्रोहियों का यही धंधा है“
चुनावी गणित भड़का –
“लेकिन अपुन तो तेरा ही बंदा है!”
अरे चुप!
चीखी सरकार –
पूर्ण बहुमत के बाद भी ‘ज़िंदा‘ है?

आयाम : जनतंत्र राजनीति
रचनाकार : श्री गोपाल मिश्र
(काॅपीराइट सुरक्षित)

(साहित्यकार, फिल्म पटकथा लेखक, गीतकार व शिक्षक)

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

11 − seven =