Images 2022 02 19T180538.151

शोपियां मुठभेड़: 2 सैनिक शहीद, आतंकवादी ढेर

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिणी जिले शोपियां में शनिवार को सेना की आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में दो सैनिक शहीद हो गये जबकि इस दौरान एक आंतकवादी मारा गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के चेरमार्ग जैनापोरा गांव में सेना को कुछ आंतकवादियों के छिपे होने की सूचना मिली थी और इसके बाद सेना ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त रूप से इलाके में खोज अभियान शुरू किया। इसी दौरान आंतकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ शुरू हो गयी।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि मुठभेड़ में दो सैनिक घायल हो गए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया और जहां गंभीर घावों के कारण दोनों जवानों की मौत हो गई। इस अभियान में एक आतंकवादी की मौत हुई है, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। मारे गए जवानों की पहचान 1 राष्ट्रीय राइफल्स के सिपाही संतोष यादव और चव्हाण रोमित तानाजी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आतंकवादी के मारे जाने की भी पुष्टि की है।
सुरक्षा बलों की ओर से तलाश अभियान अभी चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

one + 16 =