कोलकाता हिन्दी न्यूज | 02 अगस्त 2026: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) में लगातार जारी टूट के बीच अब पूर्व मंत्री डॉ. शशि पांजा की एक मुलाकात ने नई राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
शशि पांजा ने पूर्व टीएमसी सांसद और वर्तमान एनसीपीआई सांसद काकली घोष दस्तिदार के कालीघाट स्थित फर्टिलिटी क्लिनिक पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में उनके संभावित दल बदलने की अटकलें तेज हो गई हैं।
यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि विधानसभा चुनाव में हार के बाद शशि पांजा लगभग पूरी तरह सार्वजनिक जीवन से दूर हो गई थीं। लंबे समय तक उनके किसी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने की खबर सामने नहीं आई।
यहां तक कि ऐसी चर्चाएं भी थीं कि वह अपने पैतृक राज्य आंध्र प्रदेश चली गई हैं। ऐसे में अचानक काकली घोष दस्तिदार के क्लिनिक पहुंचना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
शशी पांजा ने बताया निजी मुलाकात
मुलाकात को लेकर शशि पांजा ने सफाई देते हुए कहा कि वह व्यक्तिगत कारणों से काकली घोष दस्तिदार से मिलने गई थीं।
हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जिस समय तृणमूल कांग्रेस में लगातार नेताओं का पलायन जारी है, ऐसे में इस मुलाकात को केवल निजी मुलाकात मानना आसान नहीं है।
तृणमूल की महिला ब्रिगेड बिखर चुकी है
विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस में लगातार टूट देखने को मिली है। कभी ममता बनर्जी की महिला ब्रिगेड की मजबूत टीम मानी जाने वाली काकली घोष दस्तिदार, चंद्रिमा भट्टाचार्य, कृष्णा चक्रवर्ती और शशि पांजा अब एक साथ नहीं हैं।
- काकली घोष दस्तिदार एनसीपीआई में शामिल हो चुकी हैं और लोकसभा में पार्टी की मुख्य सचेतक हैं।
- चंद्रिमा भट्टाचार्य और कृष्णा चक्रवर्ती ऋतब्रत बंद्योपाध्याय के नेतृत्व वाले गुट से जुड़ चुकी हैं।
- अब शशि पांजा की काकली से मुलाकात ने उनके भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या बदलने वाला है राजनीतिक समीकरण?
हालांकि अभी तक शशि पांजा ने किसी नए दल में शामिल होने का संकेत नहीं दिया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि यह मुलाकात भविष्य की रणनीति का हिस्सा हो सकती है। फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

