तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी ब्लॉक अंतर्गत चार नंबर बांकिबांध क्षेत्र स्थित नान्दाड़िया शास्त्री स्मृति विद्यापीठ का हीरक जयंती वर्ष पूर्ति उत्सव पूरे गरिमा, उल्लास और सांस्कृतिक वैभव के साथ संपन्न हुआ। छह दशकों से अधिक समय से शिक्षा के प्रकाश से समाज को आलोकित कर रहे इस प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान का यह उत्सव क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बन गया।
उत्सव का शुभारंभ रंगारंग प्रभात फेरी से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ, उत्साह और अनुशासन ने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर सुबह से ही उत्सव धर्मी वातावरण में सराबोर नजर आया।
इस गरिमामय अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के क्रेता एवं सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री श्रीकांत महतो, मेदिनीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुजय हाजरा, जिला परिषद सदस्य उषा कुंडू,

समाजसेवी तोफज्जल होसेन, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष मोहम्मद कामरुज जमाल, सदस्य शेख महमूद आलम तथा प्रधान शिक्षक शुद्धदेव चटर्जी सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
दिनभर चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नृत्य, गीत और विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
अतिथियों ने विद्यालय के संस्थापकों और पूर्व शिक्षकों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि नान्दाड़िया शास्त्री स्मृति विद्यापीठ न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि यह नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक चेतना का भी सशक्त स्तंभ रहा है।
अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शैक्षणिक विकास, आधारभूत संरचना और छात्र-हित में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
हीरक जयंती का यह उत्सव न केवल अतीत की उपलब्धियों का स्मरण था, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा, संस्कार और समर्पण के मार्ग को और सुदृढ़ करने का संकल्प भी बनकर उभरा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



