बीरभूम। पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले के रामपुरहाट कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया, जब पंचमाथा चौराहे के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। यह घटना बुधवार सुबह की है, जब नारायणपुर से रामपुरहाट की ओर आ रहे एक टोटो चालक की नजर सड़क किनारे पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी।
व्यक्ति नग्न अवस्था में था, हालांकि उसके शरीर पर केवल एक शर्ट थी, बाकी कपड़े नहीं थे। यह देख चालक ने तुरंत रामपुरहाट थाने की पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शव की स्थिति और परिस्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मामला संदिग्ध है और किसी तरह की साजिश या हिंसा से इंकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्टें भी खंगाली जा रही हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। फिलहाल शव को पहचानने की कोशिश की जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

