69वीं राष्ट्रीय अंडर-17 स्कूल गेम्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पदकों की झड़ी
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स टेबल टेनिस अंडर-17 बालक एवं बालिका चैंपियनशिप का समापन तमिलनाडु के पेरंबालूर स्थित मागर स्टेडियम में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल के उभरते खिलाड़ियों ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया।
अंडर-17 बालक वर्ग की टीम ने कड़े मुकाबलों के बीच उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। इस सफल टीम में देवराज भट्टाचार्य, राजदीप सेन, अनीश मुखर्जी, देवायुध नंदी और कौस्तव चक्रवर्ती शामिल थे। टीम के कुशल मार्गदर्शन की जिम्मेदारी कोच दीपांजन राय ने निभाई, जबकि टीम मैनेजर अभिजीत राणा ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का मनोबल बनाए रखा।

वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में बंगाल की प्रतिभा ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में शानदार छाप छोड़ी। श्रेया धर ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सिंगल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल किया।
इसके साथ ही आंकलिका चक्रवर्ती ने भी उत्कृष्ट खेल का परिचय देते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। बालिका टीम का प्रशिक्षण कोच तापसी सरकार ने दिया, जबकि टीम मैनेजर सुदिप्त मंडल ने आयोजन के दौरान अहम भूमिका निभाई।
पूरे टूर्नामेंट में पश्चिम बंगाल की बालक एवं बालिका दोनों टीमों ने अनुशासन, तकनीकी दक्षता और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। खिलाड़ियों के इस उल्लेखनीय प्रदर्शन से न केवल राज्य के खेल जगत में उत्साह का माहौल है, बल्कि आने वाले दिनों में बंगाल से और भी राष्ट्रीय स्तर के सितारे उभरने की उम्मीदें प्रबल हुई हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



