तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। “शिक्षा जीवन के लिए, जीवन देश के लिए” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिक्षा संस्कृति सुरक्षा मंच, पश्चिम बंगाल की झाड़ग्राम जिला इकाई ने शनिवार को ‘राष्ट्र बचाओ पदयात्रा एवं पथसभा’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
पदयात्रा के बाद झाड़ग्राम के पांचमाथा मोड़ पर आयोजित पथसभा में वक्ताओं ने शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
सभा को संबोधित करते हुए झंटू मंडल, मुक्तिरंजन महतो समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि समाज में शांति, समरसता और राष्ट्रीय एकता का वातावरण बनाए रखने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शिक्षा और संस्कृति की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए विभाजनकारी प्रवृत्तियों से दूर रहने तथा जागरूक नागरिक समाज के निर्माण का आह्वान किया।
पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में हुआ। अंत में मंच की ओर से सभी प्रतिभागियों, शुभचिंतकों और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रहित से जुड़े जनजागरण अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया गया।

