सलमान के करियर में सतीश कौशिक ने निभाई थी विशेष भूमिका

मुंबई। सतीश कौशिक का निधन गुरुवार की सुबह हार्ट अटैक से हुआ। दिल्ली के अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद एक्टर के शव को मुंबई लाया गया, जहां बॉलीवुड के बड़े सितारों ने सतीश कौशिक को श्रद्धांजलि दी। सतीश के अंतिम दर्शन के लिए अनुपम खेर के साथ-साथ सलमान खान, अभिषेक बच्चन और रणबीर कपूर जैसे बड़े सितारे भी पहुंचे थे। सतीश कौशिक की अर्थी को कंधा देते वक्त अनुपम खेर के साथ-साथ सलमान खान के भी आंसू निकल पड़े।

गौरतलब है कि सलमान खान के करियर में सतीश कौशिक ने अहम् भूमिका निभाई थी। 2000 के दशक में जब सलमान खान असफलता से जूझ रहे थे, उस वक्त सतीश कौशिश ने उन्हें लेकर तेरे नाम नामक फिल्म का निर्देशन किया था। तेरे नाम सलमान खान के करियर में पहली ऐसी फिल्म थी, जिसने उन्हें मैंने प्यार किया के बाद दर्शकों के साथ पुन: जोडऩे में सफलता प्राप्त की थी। इस फिल्म में सलमान खान ने अपने करियर का सबसे बेहतरीन अभिनय पेश किया था।

तेरे नाम के जरिये सतीश कौशिक ने हिन्दी फिल्म उद्योग को एक बेहतरीन अदाकार भूमिका चावल से रूबरू कराया था। हालांकि भूमिका चावल बाद में दर्शकों को प्रभावित करने में असफल नहीं रही। भूमिका चावला ने रन में अभिषेक बच्चन के साथ और एमएस धोनी में सुशांत सिंह राजपूत के साथ स्क्रीन स्पेस साझा किया था।

तेरे नाम के जरिये सतीश कौशिक ने भी अपनी निर्देशकीय क्षमता का परिचय फिर से दिया था। मिस्टर इंडिया में अनिल कपूर के साथ काम कर चुके सतीश कौशिक ने उन्हें लेकर रूप की रानी चोरों का राजा नामक बड़े बजट की फिल्म का निर्देशन किया था लेकिन उन्हें असफलता हाथ लगी थी। तेरे नाम के बाद उन्हें फिर से निर्देशक के तौर पर जाना जाने लगा था। कहा जाता है कि तेरे नाम के संगीत के लिए सतीश कौशिक ने हिमेश रेशमिया को सलमान खान के कहने पर लिया था।

इस फिल्म का संगीत हिमेश के करियर का सर्वश्रेष्ठ संगीत रहा है। फिल्म में कुल 13 गाने थे, जिनमें से 10 में हिमेश रेशमिया और 3 गीतों का संगीत साजिद वाजिद ने दिया था। इन दोनों संगीतकारों को सलमान खान ने ही आगे बढ़ाया है। तेरे नाम में सलमान खान का निभाया गया राधे नामक किरदार दर्शकों के जेहन में आज तक ताजा है। इसी किरदार की लोकप्रियता को देखते हुए सलमान खान ने राधे :यूअर मोस्ट वांटेड भाई नामक फिल्म का निर्माण किया था। यह फिल्म असफल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *