खड़गपुर। केंद्रीय विद्यालय, सलुआ (खड़गपुर) की बारहवीं कक्षा की मेधावी छात्रा सरोजिनी श्रेष्ठ को बोर्ड परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें शुक्रवार, 17 जुलाई को आईआईटी खड़गपुर परिसर स्थित कालिदास ऑडिटोरियम में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया जाएगा।
सरोजिनी श्रेष्ठ की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों ने इसे न केवल सरोजिनी की मेहनत और लगन का परिणाम बताया, बल्कि केंद्रीय विद्यालय, सलुआ तथा पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण भी कहा।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। समारोह में शामिल होने के लिए सरोजिनी को आमंत्रित किया गया है। उन्हें निर्धारित समय पर विद्यालय की वर्दी में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि सरोजिनी की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। शिक्षकों का कहना है कि प्रतिभा को मिलने वाला ऐसा सम्मान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नई ऊर्जा का संचार करता है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

