तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। झाड़ग्राम जिले के सांकराइल ब्लॉक अंतर्गत लौदह गांव में झाड़ग्राम मनेर ठिकाना फाउंडेशन एवं झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में विधिक, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विषयक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी सुरक्षा तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा। शिविर के दौरान बाल विवाह, पॉस्को अधिनियम, साइबर अपराध जैसे गंभीर सामाजिक विषयों पर विस्तार से जागरूकता फैलाई गई।
साथ ही झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आम नागरिकों को उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सेवाओं की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त जागृति, आशा एवं दान योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

उपस्थित अतिथि : कार्यक्रम में विकास भारती वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित विकास भारती बाल विकास केंद्र के हाउस फादर दीपक बंदोपाध्याय उपस्थित रहे। वहीं झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संकराइल ब्लॉक के अधिकार मित्र अनुपम घोष एवं कौशिक भुइया ने भी लोगों को कानूनी अधिकारों एवं सहायता प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
मानवीय सेवा के तहत झाड़ग्राम मनेर ठिकाना फाउंडेशन की ओर से क्षेत्र के लगभग 100 जरूरतमंद लोगों को कंबल, 50 बच्चों को अध्ययन सामग्री, 30 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक भोजन तथा लगभग 250 लोगों के लिए खिचड़ी भोजन की व्यवस्था की गई।
शिविर ने एक ओर जहां जागरूकता का संदेश दिया, वहीं सेवा और संवेदना के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों तक सहयोग पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



