कोलकाता, (Kolkata) : भाजपा ने अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है। पार्टी ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में अपने पार्टी अध्यक्षों का का चुनाव कर लिया है।
बुधवार को पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष के चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई। भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल किया है।
बंगाल भाजपा के अध्यक्ष अभी सुकांत मजूमदार है। उन्हें 2021 में बंगाल भाजपा का अध्यक्ष चुना गया था। उनके नाम का एलान सीधे दिल्ली से किया गया था। अब इस पद के लिए समिक भट्टाचार्य ने नामांकन दाखिल कर दिया गया है।

समिक ने बुधवार दोपहर भाजपा के साल्ट लेक कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
उनके साथ पार्टी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और विधानसभा में विपक्ष के नेता शुवेंदु अधिकारी साथ मौजूद रहे। उनका बंगाल भाजपा का अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन बुधवार को स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापस लेने की प्रक्रिया भी उसी दिन होगी। अधिसूचना के मुताबिक, उम्मीदवारों की अंतिम सूची बुधवार शाम छह बजे जारी की जाएगी।
भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, अगर एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं, तो मतदान गुरुवार को दोपहर 12 बजे से शुरू होगा और नतीजे दोपहर 1.30 बजे तक घोषित कर दिए जाएंगे।
हालांकि, पार्टी के कई नेताओं का कहना है कि यह प्रक्रिया महज एक औपचारिकता है और केंद्रीय नेतृत्व की ओर से सर्वसम्मति से चुने गए उम्मीदवार का नाम बिना किसी मुकाबले के घोषित कर दिया जाएगा।
बंगाल भाजपा अध्यक्ष पद की रेस में समिक भट्टाचार्य का नाम लगातार सामने आ रहा थी। वहीं पार्टी के कई नेताओं की ओर से भी उन्हें समर्थन मिल रहा है।
इससे पहले भट्टाचार्य के सोमवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास का अचानक दौरा करने से अटकलों को बल मिला है।
पार्टी के एक सूत्र का कहना है, ऐसी खबरें हैं कि उन्हें (भट्टाचार्य को) आधिकारिक चैनल के माध्यम से आमंत्रित किया गया था और वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी में नड्डा के साथ उनकी बैठक हुई, जो बंगाल भाजपा अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।
