IMG 20251014 WA0032

साहित्य अकोदमी द्वारा एस.एल. भैरप्पा की स्मृति में शोक सभा का आयोजन

नई दिल्ली। 14 अक्तूबर 2025; साहित्य अकादेमी द्वारा आज प्रख्यात कन्नड लेखक एस.एल. भैरप्पा की स्मृति में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न भारतीय भाषाओं के लेखकों ने उनको याद किया। सर्वप्रथम साहित्य अकादेमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने उन्हें इतिहास और नैतिकता के सबसे बड़े लेखक के रूप में याद करते हुए कहा कि वे केवल बड़े लेखक ही नहीं एक दार्शनिक भी थे। अपने लेखन में उन्होंने सत्य को प्राथमिकता दी।

कन्नड लेखक बसवराज सदर ने उनसे 1979 की अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए बताया कि जब मैंने एम.ए. फाइनल ईयर का विद्यार्थी होते हुए प्रश्न किया कि वह सत्य और सौंदर्य में किसको चुनेंगे तो उनका तुरंत ही उत्तर था, सत्य। क्योंकि सौंदर्य सत्य पर ही टिकता है। उन्होंने उनके संघर्षपूर्ण बचपन का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने 67वर्ष के लेखन जीवन में उन्होंने 25 से ज्यादा श्रेष्ठ उपन्यास लिखे। वे अपने लेखन के सहारे लंबे समय तक हमारे बीच रहेंगे।

यह भी पढ़ें:  बंगीय हिंदी परिषद् में कविकल्प की गोष्ठी संपन्न

तेलुगु लेखिका मृणालिनी सी. ने कहा कि वे मास्टर स्टोरी टेलर थे और उन्होंने वैदिक भारत के दर्शन को बहुत अच्छे ढंग से अपने उपन्यासों में प्रस्तुत किया। उनके उपन्यास गहरे शोध पर आधारित होते थे और हर किसी पाठक को अपने साथ जोड़ लेते थे। वे अपने जीवन में किसी भी आंदोलन से प्रभावित नहीं हुए और अपना लेखन केवल इतिहास पर केंद्रित रखा।

हिंदी लेखक राजकुमार गौतम ने कहा कि उनके लेखन में मानव स्वभाव के छोटे-छोटे व्यवहारों को भी बड़ी शिद्दत से पेश किया जाता था। जिस विषय पर भी वे लिखते पहले उस पर खुद गहरी जानकारी प्राप्त करते थे। उन्होंने भारत को जिस रूप में प्रस्तुत किया, वह कहीं से भी बनावटी नहीं लगता। ओड़िआ लेखक गौर हरि दास ने कहा कि वे हमारे देश के लीजेंड थे और अपने मिथकीय पात्रों द्वारा एक नए भारतीय संसार की रचना की।

प्रख्यात गुजराती लेखक भाग्येश झा ने कहा कि उन्होंने जादुई यथार्थवाद के समय भारतीय वैदिक साहित्य को इतनी विश्वनीयता से दोबारा प्रस्तुत किया कि सब उसके जादू में बंध गए। उन्हें शब्दऋषि कहना उचित होगा।

यह भी पढ़ें:  डीपी सिंह की रचनाएं

राजस्थानी लेखक अर्जुनदेव चारण ने उनकी शोध प्रवृत्ति के कई उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने वैदिक साहित्य को वर्तमान समय के सामाजिक स्वरूप डालकर हम सबको प्रभावित किया। वे केवल इतिहास लिखते नहीं थे बल्कि खुद इतिहास का हिस्सा होकर शामिल रहते थे।

हिंदी लेखक बलराम ने कहा कि उनके उपन्यास को सही मायनों में भारतीय उपन्यास कह सकते है। कन्नड लेखक मनु बलिगार ने कहा कि उनसे उनके तीस साल के गहरे संबंध थे। श्री भैरप्पा का लिखना और बोलना एक ही था जो अपने आप में बेमिसाल है। प्रतिष्ठा और ख्याति के शिखर पर होते हुए भी उन्होंने बहुत साधारण जीवन जिया और हमेशा गरीब बच्चों के लिए कार्य करत रहे।

साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष माधव कौशिक ने उनको याद करते हुए कहा कि उन्होंने धर्म और साहित्य के अंतर को अपने लेखन में प्रस्तुत किया। उनके शोध केवल ऐतिहासिक नहीं बल्कि जीवन शैली से भी जुड़े होते थे। उन्हें असली भारतीय शैली के प्रतीक के रूप में याद किया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें:  Kolkata Durga Puja: यंग बॉयज क्लब के पूजा पंडाल का हुआ उद्घाटन

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *