रूस ने भारत को एस-400 वायु रक्षा प्रणालियों की आपूर्ति शुरू की

दुबई। रूस ने भारत को सतह से हवा में मार करने वाली एस-400 मिसाइल प्रणालियों की आपूर्ति शुरू कर दी है। रूस के सैन्य-तकनीकी सहयोग के लिए संघीय सेवा (एफएसएमटीसी) के निदेशक दिमित्री शुगाएव ने दुबई एयरशो से पहले यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि भारत को एस-400 मिसाइल प्रणालियों की आपूर्ति पहले से तय योजना के अनुसार हो रही है। शुगाएव ने कहा, “भारत को एस-400 वायु रक्षा प्रणाली की आपूर्ति शुरू हो गई है और यह योजना के अनुसार आगे बढ़ रही है।” चीन और तुर्की में पहले से ही एस-400 वायु रक्षा प्रणाली मौजूद है। रूस और भारत ने अक्टूबर 2018 में एस-400 वायु रक्षा प्रणाली की आपूर्ति को लेकर एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे।

कॉप-27 अगले वर्ष मिस्र में होगा

संयुक्त राष्ट्र का अगला जलवायु सम्मेलन कॉप-27 अगले वर्ष मिस्र में आयोजित किया जाएगा। फिनलैंड के पर्यावरण मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। मंत्रालय ने कहा, “अगला जलवायु शिखर सम्मेलन एक वर्ष में मिस्र में आयोजित किया जाएगा।” मंत्रालय ने साथ में यह भी जानकारी दी कि अगला जलवायु शिखर सम्मेलन वर्ष 2022 में मिस्र के शर्म अल-शेख शहर के रेड सी रिसॉर्ट में होगा। गौरतलब है कि कॉप-26 जलवायु शिखर सम्मेलन 31अक्टूबर से 12 नवंबर तक स्कॉटिश शहर ग्लास्गो में आयोजित किया गया।

प्रसिद्ध लेखक विल्बर स्मिथ का निधन

दक्षिण अफ्रीका के उपन्यासकार विल्बर स्मिथ का केप टाउन में निधन हो गया है। लेखक विल्बर स्मिथ की आधिकारिक वेबसाइट पर बयान जारी कर यह जानकारी दी गई। वह 88 वर्ष के थे। बयान में कहा गया, “विश्व स्तर पर प्रसिद्ध लेखक विल्बर स्मिथ का केप टाउन स्थित उनके घर में आज दोपहर अचानक निधन हो गया।” विल्बर स्मिथ का जन्म नौ जनवरी 1933 को जाम्बिया में हुआ था। जब वह केवल 18 वर्ष के थे तब उन्हें सेरेब्रल मलेरिया हो गया था और उस समय मुश्किल से उनकी जान बच पाई थी। लेखक के उपन्यासों की 14 करोड़ से अधिक प्रतियां दुनिया भर में 30 से अधिक भाषाओं में बिक चुकी हैं। विल्बर स्मिथ का पहला उपन्यास 1964 में प्रकाशित ‘व्हेन द लायन फीड्स’ था। यह उपन्यास प्रकाशित होने के थोड़े समय बाद ही बेस्टसेलर साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *