संवाद सूत्र, खड़गपुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत मंगलवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के हितकारिणी हायर सेकेंडरी स्कूल में जिला पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी गई और उनका पालन करने की शपथ दिलाई गई।
खड़गपुर ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी संगीत रॉय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, तेज रफ्तार से बचने तथा सड़क पार करते समय यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक उमेश चंद्र सिंह, शिक्षक पंकज कुमार शर्मा, समाजसेवी रजनीश राय और अभिमन्यु गुप्ता भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए यातायात नियमों पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। सही जवाब देने वाले छात्र-छात्राओं को कलम और पुस्तकें देकर पुरस्कृत किया गया।
प्रधानाध्यापक उमेश चंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी बोध कराते हैं। कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

