कोलकाता | 29 जनवरी 2026: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में 9 अगस्त 2024 को महिला डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे पश्चिम बंगाल को झकझोर कर रख दिया था।
अब विधानसभा चुनाव से पहले इस मामले ने एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक बहस को तेज कर दिया है।
पीड़िता के माता-पिता ने दावा किया है कि कई राजनीतिक दलों ने उन्हें चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया, लेकिन उनका साफ कहना है कि उन्हें राजनीति नहीं, सिर्फ न्याय चाहिए।

“पार्टियों ने संपर्क किया, पैसे का भी ऑफर मिला”
आरजी कर पीड़िता की मां ने कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत में कहा— “हम दोनों से कई राजनीतिक पार्टियों ने संपर्क किया। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने शुरू से हमें राजनीति में आने का प्रस्ताव दिया और पैसे का ऑफर भी किया, लेकिन हमने इसे स्वीकार नहीं किया। हमें चुनाव नहीं लड़ना, हमें अपनी बेटी के लिए इंसाफ चाहिए।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि परिवार फिलहाल किसी भी राजनीतिक गतिविधि का हिस्सा नहीं बनना चाहता।
“TMC, BJP और CPM—सबने ऑफर दिया”
पीड़िता के पिता ने भी मीडिया से बातचीत में दावा किया— “टीएमसी, भाजपा और सीपीएम—लगभग सभी प्रमुख पार्टियों ने हमें अगले विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है। लेकिन हम राजनीति में नहीं हैं। हमारी लड़ाई सिर्फ और सिर्फ इंसाफ के लिए है।”
उन्होंने कहा कि— “जो भी पार्टी हमें न्याय दिलाने में ईमानदारी से मदद करेगी, भविष्य में हम उसका साथ दे सकते हैं, लेकिन अभी चुनाव लड़ने की कोई योजना नहीं है।”
शुभेंदु अधिकारी के प्रस्ताव को भी ठुकराया
महिला डॉक्टर के पिता ने यह भी बताया कि भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी की ओर से भी उन्हें एक राजनीतिक प्रस्ताव मिला था, जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया।
परिवार का कहना है कि इस संवेदनशील मामले में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
सजा के बावजूद परिवार संतुष्ट नहीं
इस मामले की शुरुआती जांच कोलकाता पुलिस ने की थी, जिसे बाद में सीबीआई का समर्थन मिला। केंद्रीय एजेंसी ने अपनी जांच में निष्कर्ष निकाला कि इस अपराध का दोषी सिर्फ संजय राय है।
अदालत ने संजय राय को आजीवन कारावास की सजा सुनाई, लेकिन पीड़ित परिवार इस फैसले से संतुष्ट नहीं है।
पीड़िता के माता-पिता का कहना है— “सच्चाई अभी पूरी तरह सामने नहीं आई है। कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। हमें लगता है कि इस मामले में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।”
कानून-व्यवस्था से लेकर राजनीति तक उठा मामला
आरजी कर रेप केस केवल एक आपराधिक मामला नहीं रहा, बल्कि—राज्य की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और राजनीतिक नैतिकता पर भी बड़ा सवाल बन गया है। विधानसभा चुनाव से पहले पीड़ित परिवार के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



