तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। जब अनुभव और ऊर्जा का संगम होता है, तो भविष्य की राह खुद-ब-खुद रोशन हो जाती है। कुछ ऐसा ही नज़ारा रविवार को मेदिनीपुर स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एकेडमी में देखने को मिला, जहां अवकाशप्राप्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के संगठन ‘उद्बृत्त नहीं उत्कृष्ट’ की पहल पर करियर काउंसिलिंग शिविर आयोजित किया गया।
करीब तीन घंटे तक चले इस मार्गदर्शन शिविर में सौ से अधिक छात्र-छात्राएं, अभिभावक और शिक्षक जुटे। माहौल केवल औपचारिक नहीं था, बल्कि संवाद, सवाल-जवाब और प्रेरणा से भरा रहा, जहां हर छात्र अपने भविष्य को लेकर कुछ नया सोचता नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के सदस्य विपदतारण घोष के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद खड़गपुर आईआईटी के प्रोफेसर डॉ. प्रदीप भौमिक, एकाडेमिया एकेडमी के निदेशक गौरव पाल और वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. निर्झर पात्सा ने विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न रास्तों से रूबरू कराया। उन्होंने न सिर्फ उच्च शिक्षा के विकल्प बताए, बल्कि यह भी समझाया कि बदलते समय में किस तरह सही दिशा चुनना सबसे अहम है।
वक्ताओं ने तकनीकी शिक्षा, पारंपरिक विषयों और उभरते रोजगार क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों और अवसरों की जानकारी देकर छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाया। समापन सत्र में विष्णुपद दे ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।
संगठन ‘उद्बृत्त नहीं उत्कृष्ट’, जिसकी शुरुआत इसी वर्ष 2026 में हुई है, अपने नाम की तरह ही एक सकारात्मक संदेश देता है कि “रिटायरमेंट अंत नहीं, एक नई शुरुआत है।” संगठन का उद्देश्य न केवल असहाय वरिष्ठ नागरिकों के साथ खड़ा होना है, बल्कि युवा पीढ़ी को सही दिशा दिखाकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। मेधावी और जरूरतमंद छात्रों की सहायता करना भी इसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
आयोजकों ने संकेत दिए कि आने वाले समय में ऐसे शिविरों को ब्लॉक स्तर तक ले जाया जाएगा। साथ ही नि:शुल्क कोचिंग केंद्र खोलने की योजना भी तैयार की जा रही है, ताकि शिक्षा की रोशनी समाज के हर कोने तक पहुंच सके।
इस अवसर पर शक्ति प्रसाद मित्र, गौतम चक्रवर्ती समेत संगठन के अन्य सदस्य भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और यह साफ दिखा कि अनुभव की यह टीम अब समाज में बदलाव की नई कहानी लिखने को तैयार है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

