नए साल से पहले बंगाल में ठंड से राहत, बढ़ा तापमान

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में इस बार मौसम में अजीबोगरीब बदलाव देखे जा रहे हैं। अब एक बार फिर क्रिसमस के बाद तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है और ऐसा लगता है जैसे नए साल पर ठंड छूमंतर हो जाएगी। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से मंगलवार को बताया गया है कि इस दिन राजधानी कोलकाता (Kolkata) में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।

कोलकाता का अधिकतम तापमान भी 26.6 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। इसके कारण दिन के समय कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अन्य इलाकों में बिल्कुल भी ठंड नहीं लग रही है। उत्तर बंगाल में भी तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जा पहुंचा है, जिसके कारण वहां भी मौसम में बदलाव हुआ है।

इसके पहले अक्टूबर महीने से ही ठंड पड़नी शुरू हो जाती थी लेकिन इस बार दिसंबर महीने के दूसरे सप्ताह तक ठंड का नामोनिशान बंगाल में नहीं था। तीसरे सप्ताह तापमान में गिरावट दर्ज हुई थी लेकिन एक सप्ताह बाद एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है। इसके बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार ठंड बहुत कम पड़ेगी। वैसे भी 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के बाद ठंड कम होने लगती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *