वाराणसी। कार्तिक कृष्ण पक्ष की रमा एकादशी का व्रत इस वर्ष 05 नवम्बर 2026 (गुरुवार) को श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। शास्त्री ने बताया कि वर्षभर में कुल 24 एकादशी व्रत होते हैं, किंतु जब तीन वर्षों में एक बार अधिकमास (मलमास) आता है, तो इनकी संख्या बढ़कर 26 हो जाती है।
तिथि, व्रत और पारण का समय :
एकादशी तिथि आरंभ: 04 नवम्बर (बुधवार) प्रातः 11:04 बजे
तिथि समाप्त: 05 (नवम्बर) प्रातः 10:36 बजे
व्रत का दिन: 05 नवम्बर , गुरुवार
व्रत पारण (उपवास समापन): 06 नवम्बर (शुक्रवार) प्रातः 6:28 बजे से 10:31 बजे तक
रमा एकादशी का धार्मिक महत्व :
इस एकादशी पर भगवान विष्णु के साथ-साथ धन, ऐश्वर्य और वैभव की अधिष्ठात्री देवी माता लक्ष्मी की भी विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। लक्ष्मीजी का एक अन्य नाम ‘रमा’ होने के कारण इस एकादशी को रमा एकादशी कहा जाता है।
इस दिन श्रद्धालु विष्णु-लक्ष्मी की आराधना कर दरिद्रता, दुख और नकारात्मकता से मुक्ति पाते हैं तथा उनके जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य की वृद्धि होती है। धर्मशास्त्रों में उल्लेखित है कि एकादशी व्रत का पुण्य अश्वमेध यज्ञ, तीर्थस्नान, जप-तप से भी कई गुना अधिक फलदायी होता है।
व्रतधारी को इस दिन मन, इंद्रियों और व्यवहार में संयम रखना चाहिए। यह व्रत आत्मानुशासन और जीवन में धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करता है। यह व्रत स्त्री-पुरुष सभी के लिए समान रूप से फलदायी है।
दान-पुण्य का विशेष महत्व :
रमा एकादशी के दिन किया गया दान सभी पापों का नाश करता है और परमपद (मोक्ष) की प्राप्ति में सहायक होता है। इस दिन यथाशक्ति निम्नलिखित दान करना उत्तम माना गया है।
स्वर्ण, भूमि, गौ, अन्न, वस्त्र, फल, मिष्ठान्न, विद्या दान, दक्षिणा, आदि।ब्राह्मणों, गुरुओं, संतों तथा ज़रूरतमंदों को सेवा भाव से ये दान करें।
रमा एकादशी व्रत की पूजन विधि :
1. दशमी तिथि से ही व्रत नियम प्रारंभ कर दें- सात्विक भोजन करें और मन को संयमित रखें।
2. एकादशी के दिन ब्रह्ममुहूर्त में उठकर स्नान करें, सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का संकल्प लें।
3. पति-पत्नी मिलकर भगवान लक्ष्मीनारायण की पूजा करें।
4. घर में स्वच्छ स्थान पर श्रीगणेश और लक्ष्मीनारायण की मूर्ति/चित्र स्थापित करें।
5. गंगाजल अथवा गोमूत्र से शुद्धिकरण कर कलश स्थापना करें। कलश पर नारियल रखें।
6. नवग्रह, योगिनी, तीर्थ, नगर देवता आदि का आवाहन कर पूजन करें।
7. वैदिक मंत्रों और विष्णुसहस्रनाम से भगवान की षोडशोपचार पूजा करें-
आवाहन, आसन, पाद्य, अर्घ्य, आचमन, वस्त्र, चंदन, पुष्प, धूप-दीप, नैवेद्य, फल, तिल, दक्षिणा, आरती आदि।
8. व्रत कथा श्रवण करें या सुनाएं।
9. अंत में प्रसाद वितरण कर पूजन पूर्ण करें।
इस दिन “ॐ नमो वासुदेवाय” मंत्र का जाप करना विशेष फलदायी माना जाता है।
एकादशी के दिन रखें ये सावधानियाँ : तामसिक भोजन (मांस, मद्य, प्याज-लहसुन) का पूर्ण परित्याग करें।
ब्रह्मचर्य का पालन करें।
बाल, नाखून, दाढ़ी-मूंछ आदि न काटें।
चमड़े की बनी वस्तुएं (बेल्ट, जूते आदि) न पहनें।
काले रंग के वस्त्र न धारण करें।
किसी का अपमान या दिल दुखाना भी वर्जित है, यह सबसे बड़ी हिंसा मानी गई है।
एकादशी व्रत का मानसिक और शारीरिक लाभ :
एकादशी व्रत न केवल आध्यात्मिक बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। यह शरीर को डिटॉक्स करता है, पाचनतंत्र को विश्राम देता है और मन को संयम, नियंत्रण और शुद्धता की शिक्षा देता है।
ज्योतिर्विद रत्न वास्तु दैवज्ञ
पंडित मनोज कृष्ण शास्त्री
मो. 99938 74848
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

