उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में रामनवमी की धूमधाम से निकली शोभायात्रा

केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने रामनवमी की शोभायात्रा में की शिरकत

कूचबिहार। विश्व हिंदू परिषद की पहल पर गुरुवार को कूचबिहार शहर में रामनवमी की भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा कूचबिहार शहर के रासमेला मैदान से शुरू होकर पूरे शहर की परिक्रमा की। गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने रामनवमी की शोभायात्रा में शिरकत की। कूचबिहार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक निखिल रंजन देव, नटबारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक मिहिर गोस्वामी, तूफानगंज के विधायक मालती राव रॉय समेत अन्य भाजपा नेताओं ने भी रामनवमी की शोभायात्रा में शिरकत की।

पुलिस के विरोध के बीच निकली रामनवमी की शोभायात्रा

कूचबिहार। तूफानगंज के शालबाड़ी में पुलिस के विरोध के बीच रामनवमी का जुलूस निकाला गया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। इस घटना से इलाके में भारी तनाव देखा जा रहा है। बताया जाता है काफी देर तक माथापच्ची के बाद कुछ देर के लिए शोभायात्रा की अनुमति दी गई।

पता चला है कि विश्व हिंदू परिषद गुरुवार को रामनवमी के अवसर पर बक्सिरहाट थाना क्षेत्र के शालबाड़ी-1 ग्राम पंचायत के बारीपारा इलाके से जुलूस निकालने की घोषणा की थी। शुरुआत में पुलिस ने जुलूस निकालने की इजाजत नहीं दी। बाद में बक्सिरहाट थाने की पुलिस रामनवमी की शोभायात्रा के रास्ते में खड़ी हो गई।

रामनवमी के अवसर पर खोरीबाड़ी में भव्य शोभायात्रा

खोरीबाड़ी। रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को खोरीबाड़ी में रंगारंग धार्मिक जुलूस एवं बाइक रैली का आयोजन किया गया। अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी पुलिस बल मौजूद था। जुलूस के कारण खोरीबाड़ी की विभिन्न सड़कों पर भीषण जाम लग गया। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खोरीबाड़ी रामनवमी महोत्सव समिति इस धार्मिक जुलूस का आयोजन किया है। इस दिन सुबह करीब 11:30 बजे शोभायात्रा खोरीबाड़ी थानझोड़ा मोड़ से शुरू होकर खोरीबाड़ी तक गई।

अधिकारी बतासी और पानीटंकी के रास्ते नक्सलबाड़ी के लिए रवाना हुई। रामनवमी को लेकर खोरीबाड़ी रामनवमी महोत्सव समिति के सदस्यों में काफी गहमागहमी रही। इस दिन भारी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए। शोभायात्रा में विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोरंजन घोष, करशियांग एसडीपीओ रुद्र नारायण साव, खोरीबाड़ी थानाध्यक्ष सुदीप विश्वास तैनात रहे।

अलीपुरदुआर में भी रामनवमी की धूम, निकली भव्य शोभायात्रा

अलीपुरदुआर। कालचीनी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को रंगारंग शोभायात्रा निकाली गयी। जयगांव हिंदू जागरण समिति द्वारा रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा गुरुवार को जयगांव मंगलबाड़ी कृष्ण मंदिर इलाके से शुरू हुई। जेडीए अध्यक्ष गंगा प्रसाद शर्मा समेत तृणमूल के अन्य नेताओं ने इस शोभायात्रा में हिस्सा लिया। शोभायात्रा में हिन्दू जागरण समिति के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। शोभायात्रा जयगांव शहर के विभिन्न भागों की परिक्रमा की। उसके बाद सभी में प्रसाद का वितरण किया गया। दूसरी ओर कालचीनी प्रखंड के दलसिंगपाड़ा हाटखोला क्षेत्र से भी आज एक शोभायात्रा निकाली गयी।

रामनवमी पर जलपाईगुड़ी में निकली भव्य रैली

जलपाईगुड़ी। रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को राम भक्तों ने जलपाईगुड़ी में विशाल रैली निकाली। रैली में काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। रैली ने पूरे जलपाईगुड़ी शहर की परिक्रमा की। रैली में शामिल लोग जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे। आज दिन भर जलपाईगुड़ी शहर जय श्री राम के नारे से गुंजायमान रहा। इस भव्य शोभायात्रा का आयोजन जलपाईगुड़ी रामनवमी उज्जवल समिति के बैनर तले किया गया।

जहां राम भक्तों ने भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा के साथ बैंड बाजा बजाकर खुशी मनाई। जुलूस में भाजपा समर्थक भी शामिल हुए। रैली में राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान को छोटे बच्चों के रूप में सजाया जाता है। शोभायात्रा में महिला संगीतज्ञों ने भी भाग लिया। राम भक्त संगीत की ताल पर खुशी से नाचते व झूमते दिखे।

रामनवमी महोत्सव में झूम उठा सिलीगुड़ी

सिलीगुड़ी। रामनवमी महोत्सव पूरे भारत में एक उत्सव के मूड में मनाया जाता है। इस विशेष दिन को श्री राम चंद्र के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर गुरुवार को सिलीगुड़ी में रामनवमी महोत्सव हर्ष व उल्लास से मनाया गया। ज्ञात हो कि शहर भर में करीब 81 झांकियां निकाली गई। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक शहर के मुख्य मार्ग जंक्शन, एयर व्यू मोड़, सेवक रोड, पानीटंकी वाया विधान रोड और हसमीचक वाया बर्दवान रोड शोभायात्रा निकाली गई, जो हिंदी हाई स्कूल परिसर में समाप्त हुई।

इस दिन विभिन्न संस्थाओं ने शोभा यात्रा में उमड़ी भीड़ को जल एवं शरबत प्रदान किया। उधर, शहर की ट्रैफिक पुलिस में लगे जाम को हटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने मदद का हाथ बढ़ाया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बताया गया है कि शहर के विभिन्न हिस्सों से दोपहर पांच बजे तक शोभायात्रा निकाली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *