खड़गपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के कर्मचारियों के कल्याण, मनोरंजन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सेंट्रल स्टाफ बेनिफिट फंड कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आज गार्डनरिच स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं सेंट्रल स्टाफ बेनिफिट फंड कमेटी के चेयरमैन महेंद्र कुमार प्रसाद ने की। ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ, दक्षिण पूर्व रेलवे के महासचिव कृष्ण मोहन प्रसाद ने बताया कि बैठक में कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित से जुड़े 27 विभिन्न एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इनमें कर्मचारियों के लिए चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, उनके बच्चों की उच्च, व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति योजनाओं सहित अनेक कल्याणकारी विषय शामिल रहे।
बैठक में कर्मचारियों के मनोरंजन और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न मंडलों को विशेष शिविर एवं प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दक्षिण पूर्व रेलवे के कर्मचारियों के लिए हॉलीडे कैंप एवं ड्रामा प्रतियोगिता का आयोजन चक्रधरपुर मंडल करेगा।
वहीं फैमिली कैंप की जिम्मेदारी रांची मंडल, चिल्ड्रेन कैंप एवं गीत-संगीत प्रतियोगिता की जिम्मेदारी आद्रा मंडल तथा एम्प्लॉइज कैंप और दिव्यांग रेल कर्मचारी कैंप के आयोजन की जिम्मेदारी खड़गपुर मंडल को दी गई।
बैठक में महिला रेल कर्मचारियों की सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई। चक्रधरपुर मंडल के टाटानगर इलेक्ट्रिक लोको शेड में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए टिफिन रूम की व्यवस्था विकसित करने हेतु दो लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
बैठक में ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ की ओर से सेंट्रल स्टाफ बेनिफिट कमेटी के सदस्य एवं महासचिव कृष्ण मोहन प्रसाद, दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन की ओर से सेंट्रल स्टाफ बेनिफिट कमेटी के सदस्य मनोज सिंह, गार्डनरिच मुख्यालय से गणेश चंद्र माईती,
आद्रा से सत्यजीत तथा सहायक मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. रश्मि पाल चौधरी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सेंट्रल स्टाफ बेनिफिट फंड कमेटी के सचिव एवं वरीय कार्मिक अधिकारी सुशांतो चौधरी ने किया।
बैठक में लिए गए निर्णयों को दक्षिण पूर्व रेलवे के कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

