राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ तेलंगाना पंहुची

हैदराबाद। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 45 दिनों की यात्रा पूरी करने के बाद रविवार को तेलंगाना पहुंच गयी है। गांधी की यात्रा कर्नाटक के रायचूर से निकलने के बाद आज सुबह तेलंगाना में महबूबनगर जिले के गुडेबेलूर पहुंचे। कांग्रेस नेता के आज सुबह कृष्णा नदी पुल पार कर तेलंगाना के गुडबेलूर में पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी, पार्टी प्रभारी माणिक्यम टैगोर, सीएलपी नेता बत्ती विक्रमार्क, कांग्रेस सांसद उत्तम कुमार रेड्डी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

गांधी हालांकि कुछ किलोमीटर पैदल चलने के बाद आज सुबह 11 बजे दीपावली के लिए नई दिल्ली रवाना होंगे और वह नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि 24, 25 और 26 अक्टूबर को यात्रा में विराम के बाद 27 अक्टूबर की सुबह गुडेबेलूर से यात्रा फिर से शुरू होगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार गांधी तेलंगाना में 12 दिनों तक रहेंगे और 17 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों को कवर करते हुए 375 किलोमीटर पैदल य़ात्रा करेंगे। उन्होेंने कहा कि 04 नवंबर को विश्राम का दिन होगा और यह यात्रा 07 नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी।

कांग्रेस नेता एक दिन में 20-25 किलोमीटर पैदल यात्रा करेंगे और उनके साथ हजारों संख्या में लोगों के शामिल होने का अनुमान है। रास्ते में वह विभिन्न समुदायों के नेताओं, छात्रों और प्रसिद्ध लोगों से मिलेंगे। पार्टी द्वारा 01 नवंबर को नेकलेस रोड पर एक विशाल जनसभा करने की तैयारियां की जा रही है। इस दौरान कांग्रेस नेता चारमीनार में भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। उनकी यात्रा सूची में मस्जिदों की यात्रा भी शामिल है। उनकी यात्रा के समन्वय के लिए राज्य कांग्रेस ने 10 विशेष समितियों का गठन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *