कुमार संकल्प, लखनऊ: इंटीग्रल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च (आईआईएमएसआर), लखनऊ में 1 से 7 अगस्त 2025 तक विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर एक सप्ताह तक चलने वाले जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इस वर्ष का थीम “स्तनपान को प्राथमिकता दें: टिकाऊ सहायता प्रणाली बनाएं” को ध्यान में रखते हुए संस्थान ने विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
इस आयोजन की शुरुआत प्रो. (डॉ.) सैयद बिलाल हसन, प्रमुख, सामुदायिक चिकित्सा विभाग एवं निदेशक, आईआईएमएसआर के नेतृत्व में की गई।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. शाादमा अनवर (सहायक प्रोफेसर, सामुदायिक चिकित्सा विभाग), डॉ. श्वेता (विभागाध्यक्ष, प्रसूति एवं स्त्रीरोग), डॉ. सौम्या (सहायक प्रोफेसर, स्त्रीरोग), डॉ. राजेश (प्रोफेसर, बाल रोग), डॉ. श्रुति (बाल रोग) और डीएनएस अन्नपूर्णा रेड्डी (नर्सिंग विभाग) द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत 1 अगस्त को विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित गतिविधियों से हुई, जिनमें प्रसूति विभाग में मरीजों के लिए जागरूकता सत्र, बाल रोग विभाग में संगोष्ठी, ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र में स्वास्थ्य वार्ता, तथा नर्सिंग विभाग द्वारा रंगोली प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम शामिल थे।
सप्ताह के दौरान पोस्टर प्रजेंटेशन, माताओं के लिए ओरिएंटेशन लेक्चर, वीडियो प्रदर्शन, एवं संवादात्मक सत्रों ने भाग लेने वालों को विषय से गहराई से जोड़ने का कार्य किया। 3 अगस्त को एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें अस्पताल परिसर में उत्साहपूर्वक भागीदारी के साथ स्तनपान के महत्व को रेखांकित किया गया।
आयोजन की श्रृंखला में पीजी और यूजी छात्रों के लिए क्विज प्रतियोगिता, नाट्य रूपांतरण (स्किट), रोल प्ले, काव्य पाठ, वाद-विवाद और स्लोगन लेखन जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं। साथ ही शहरी और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पताल की ओपीडी में नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य वार्ताएं और समूह चर्चाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य समुदाय स्तर पर स्तनपान के समर्थन को मजबूत करना है।
आईआईएमएसआर अपनी इस पहल के माध्यम से यह संदेश दे रहा है कि स्तनपान सिर्फ एक माँ की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है।
संस्थान आगामी 7 अगस्त तक चलने वाले इन कार्यक्रमों में सभी छात्रों, फैकल्टी, स्वास्थ्य कर्मियों एवं आमजन को भाग लेने हेतु आमंत्रित करता है ताकि मिलकर एक समर्थ और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।




