खड़गपुर। पूर्व मेदिनीपुर जिले में विद्युत विधेयक संशोधन 2025 के विरोध में विभिन्न स्थानों पर विद्युत उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। संपूर्ण बंगाल विद्युत उपभोक्ता संघ (एबेका) की जिला समिति ने 10 मार्च को अखिल भारतीय विद्युत उपभोक्ता संघ के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस मनाया।
इस दौरान देवलिया में संख्या-16 (मुंबई मार्ग) राष्ट्रीय राजमार्ग पर 15 मिनट का प्रतीकात्मक सड़क अवरोध किया गया। सुबह 9:30 से 9:45 बजे तक कोलकाता और खड़गपुर दोनों दिशाओं में यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने विधेयक की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया।
जिला सचिव नारायण चंद्र नायक ने सभा को संबोधित करते हुए स्मार्ट मीटर के खिलाफ ग्राम-ग्राम में उपभोक्ता प्रतिरोध समिति गठित करने का आह्वान किया।
तमलुक जिला मुख्यालय में भी बिजली भवन स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के सामने धरना दिया गया। सह-सभापति प्रणब माईती ने सभा को संबोधित किया, जबकि अस्पताल चौक पर जिला सह-सभापति मोहसिन अली खान ने विधेयक की प्रतियां जलाई।
कांथी में नहरपाड़ा से जुनपुट चौक तक विरोध जुलूस निकाल कर डाकघर चौक पर सभा की गई, जिसे प्रदीप दास और सनातन गिरी ने संबोधित किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह संशोधन विद्युत क्षेत्र के निजीकरण और स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं के शोषण को बढ़ावा देगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

