खड़गपुर। पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत कोलाघाट के भोगपुर स्टेशन पर पशु क्रॉसिंग का वर्क ऑर्डर रद्द कर छात्र-छात्राओं सहित आम जनता के आवागमन तथा एम्बुलेंस समेत छोटे परिवहन वाहनों के यातायात के लिए एक अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर आज सुबह भोगपुर रेलवे स्टेशन लेवल क्रॉसिंग एवं विकास कमिटी की ओर से भोगपुर के विवेकानंद एवं नेताजी प्रतिमा के पास प्रतिवाद सभा आयोजित की गई।
सभा की अध्यक्षता सुकुमार साहू ने की। कमिटी की ओर से सह-अध्यक्ष मधुसूदन बेरा, अनिमेष कोले, युग्म संपादक बनेस्वर नटुआ आदि ने वक्तव्य रखा। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि लंबे आंदोलन के परिप्रेक्ष्य में भोगपुर स्टेशन के निकट रेल के अंडरपास निर्माण का वर्क ऑर्डर जारी हुआ है।
लेकिन ढाई मीटर चौड़े एवं ढाई मीटर ऊंचे गौवंशीय पशुओं के यातायात के लिए ‘कैटल क्रॉसिंग’ नामक अंडरपास निर्माण के स्वरूप को लेकर स्थानीय निवासी असंतुष्ट हैं।

भोगपुर रेलवे स्टेशन लेवल क्रॉसिंग निर्माण एवं विकास कमिटी की ओर से पहले ही रेल विभाग के सीनियर डीईएनके को इस विषय में डेपुटेशन एवं स्मारकलिपि प्रस्तुत की जा चुकी है। अधिकारियों के बयान से ज्ञात हुआ है कि अधिकतम तो उस अंडरपास से साइकिल/मोटरसाइकिल/गौवंशीय पशु समेत टोटो का यातायात हो सकेगा।
आंदोलनकारी संगठन के अध्यक्ष सुखेंदु शेखर जाना ने बताया कि इलाके के लोगों की काफी दिनों से मांग थी कि रेल लाइन के दोनों ओर इलाके के आम लोगों की जरूरत के एम्बुलेंस, मारुति वैन, मालपत्तरी परिवहन के छोटे वाहनों का यातायात हो सके ऐसी सुविधा युक्त अंडरपास निर्माण हो। लेकिन विभाग का यह निर्णय इलाके की सर्वांगीण समस्याओं का समाधान नहीं करेगा।
वक्ताओं ने कहा कि मांगे नहीं माने जाने पर आंदोलन तेज होगा। नेताओं ने कहा कि अंडरपास की चौड़ाई एवं ऊंचाई को कुछ बढ़ाकर नया वर्क ऑर्डर जारी किया जाए।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



