संवाद सूत्र, खड़गपुर। बारूईपुर में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में खड़गपुर में विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा केवल प्रशासन या सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जवाबदेही है। उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं के खिलाफ सभी वर्गों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार के अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर पीड़िता के लिए न्याय की मांग की और अपराधियों को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाकर कड़ी सजा देने की अपील की।
इस विरोध कार्यक्रम में कॉमरेड बिप्लब भट्ट, असलम अहमद, प्रवीण गुप्ता, बिजन भट्टाचार्य, सुभाष लाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि बारूईपुर की इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

