तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। जंगलमहल में आदिवासी बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा तथा उनके साथ कथित अत्याचार, उत्पीड़न और दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में झाड़ग्राम में विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। भारत जाकात माझी परगना महल की पश्चिम बंगाल राज्य समिति के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान झाड़ग्राम शहर में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने जंगलमहल के बिरमाली सहित अरण्यसुंदरी झाड़ग्राम में आदिवासी बच्चों तथा लालगढ़ में आदिवासी गृहवधू एवं महिलाओं के साथ कथित अत्याचार, उत्पीड़न और दुष्कर्म की घटनाओं पर रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ितों को सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध में दोष सिद्ध होने पर कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग भी उठाई गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हाल की घटनाओं को लेकर जंगलमहल के आम लोगों, विशेषकर आदिवासी समुदाय में चिंता और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन को लोगों में सुरक्षा की भावना बहाल करने के लिए अधिक सक्रिय और निष्पक्ष भूमिका निभानी चाहिए। महिला और बच्चों के खिलाफ अपराध की शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित जांच और कानून के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
भारत जाकात माझी परगना महल की ओर से कहा गया कि जंगलमहल के आम लोगों के साथ-साथ आदिवासी बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन ने कहा कि अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाना किसी व्यक्ति अथवा समुदाय के प्रति विद्वेष नहीं, बल्कि न्याय, सुरक्षा और मानवीय गरिमा की स्थापना की लोकतांत्रिक मांग है।
प्रदर्शनकारियों ने दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई और दोषियों को दंडित करने की मांग की। साथ ही कहा गया कि आदिवासी बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा तथा न्याय की मांग को लेकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
विशाल विरोध प्रदर्शन के बीच भारत जाकात माझी परगना महल की ओर से झाड़ग्राम के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आदिवासी बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संबंधित मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।
कार्यक्रम में भारत जाकात माझी परगना महल के दिशोम परगना रबीन टुडू, दिशोम गोडेत डॉ. मंगल सोरेन, पश्चिम बंगाल पनत परगना विजय चंद्र सोरेन, पश्चिम बंगाल पनत जग परगना जगन्नाथ टुडू, पश्चिम बंगाल पनत पाराणिक तारापद मुर्मू तथा पश्चिम बंगाल पनत गोडेत रबीनाथ मांडी सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित थे।
इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से आए जिला परगना, तल्लाट परगना, मुलुक परगना, पीड़ परगना, माझी बाबा, सांतों, सापाप और तिक सहित समाजसेवी एवं अन्य विशिष्ट लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

