IMG 20251214 WA0027

झाड़ग्राम के प्रोफेसर प्रणब साहू को मिला शिक्षा-शोध क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। 27 वर्षों की लंबी शिक्षण यात्रा, उच्च शिक्षा में नीति-पाठ्यक्रम निर्माण, नवीन एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रयोग, छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक एवं अनुप्रयोग पूर्ण शिक्षा प्रदान करना, समाज कल्याण में संलग्न करना, शोध पत्र प्रकाशन, शोधपरक चर्चा सभाओं में पत्र प्रस्तुत करना।

छात्र-छात्राओं को प्रेरित कर कार्यकारी शोध के माध्यम से समाज कल्याण कार्यों में लगाकर स्थानीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण प्रबंधन एवं सतत विकास के कार्यों में विशेषज्ञ एवं भू-पर्यावरण वैज्ञानिक के रूप में कार्य करने का अनुभव को मान्यता एवं प्रोत्साहन देने हेतु झाड़ग्राम के जामबनी ब्लॉक के सेवा भारती महाविद्यालय के भूगोल विभाग के विशिष्ट आचार्य प्रणब साहू को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्रदान किया गया।

असम के बोंगाईगांव के बिरझोरा कन्या महाविद्यालय में आयोजित आईसीएसएसआईआर प्रायोजित राष्ट्रीय परिचर्चा सभा में यह पुरस्कार वितरण किया गया। धनबाद की भाग्यश्री फाउंडेशन फॉर एकेडेमिक रिसर्च एंड डेवलपमेंट राष्ट्रीय संस्था द्वारा नेशनल एकेडेमिक एक्सीलेंस अवार्ड-2025 एवं नेशनल रिसर्च साइंटिस्ट एक्सीलेंसी अवार्ड-2025 इन दो श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

आचार्य प्रणब साहू ने बताया कि स्कूल एवं कॉलेज मिलाकर चार संस्थानों में 27 वर्षों का शिक्षण एवं शिक्षा दान कर मैंने अनेक छात्र-छात्राओं को गढ़ा है जो आज विभिन्न स्थानों पर सामाजिक एवं आर्थिक रूप से स्थापित हैं।

साथ ही कार्यकारी शोध एवं वैज्ञानिक चिंतन के माध्यम से क्षेत्रीय स्तर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रपुंज के वनभूमि पुनर्निर्माण तथा सतत ग्रामीण विकास एवं पर्यावरण प्रबंधन के अनेकानेक प्रोजेक्टों का क्रियान्वयन किया है।

अच्छा लग रहा है कि इस प्रकार के कार्य आज राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त कर रहे हैं। यह मान्यता मुझे शोध कार्य में और अधिक प्रोत्साहित करेगी। यह मान्यता मेरे प्रिय छात्र-छात्राओं को समर्पित है।

महाविद्यालय के प्राचार्य देवप्रसाद साहू ने कहा कि आचार्य प्रणब साहू सदैव शिक्षक की भूमिका निभाते हुए छात्र-छात्राओं के साथ खड़े रहते हैं तथा महाविद्यालय के समग्र विकास में विशेष भूमिका निभाते हैं। जंगल महल के पिछड़े कॉलेज से यह पुरस्कार प्राप्ति निश्चित रूप से गौरव का विषय है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eleven − five =