तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर : रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा ओडिशा में आयोजित ‘सुश्री’ (सुश्री) कार्यक्रम में अविभाजित मेदिनीपुर जिले के गौरव प्रोफेसर डॉ. अनिर्वाण दास को विशेष सम्मानित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 9 और 10 मार्च को डीआरडीओ परिसर में आयोजित इस समारोह में देश के विभिन्न डीआरडीओ प्रयोगशालाओं से आए लगभग 300 वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
प्रोफेसर डॉ. अनिर्वाण दास वर्तमान में यूईएम कोलकाता के पूर्ण प्रोफेसर तथा नवाचार परिषद के उपाध्यक्ष हैं। वे राष्ट्रीय रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सक्रिय शोध कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने अब तक 76 पेटेंट (भारतीय तथा अंतरराष्ट्रीय) दर्ज कराए हैं, जिनमें ‘केयर फ्री सोल’ जैसी महत्वपूर्ण रक्षा नवाचार शामिल है। इस नवाचार की पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत ने खुलकर सराहना की थी।
प्रोफेसर दास को डीआरडीओ, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) स्पेस हैकाथॉन तथा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस जैसे प्रतिष्ठित कार्यक्रमों में विशेष आमंत्रित विशेषज्ञ के रूप में आमंत्रित किया जाता रहा है।
शिक्षा और सामाजिक योगदान : पिछले 20 वर्षों से प्रोफेसर दास पश्चिम बंगाल के दूरदराज के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों – विशेषकर मेदिनीपुर पूर्वी-पश्चिमी, बांकुरा तथा पुरुलिया जिलों में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इन क्षेत्रों में सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) बढ़ाने तथा छात्रों के ड्रॉपआउट को रोकने के लिए उन्होंने निरंतर प्रयास किए हैं।
अन्य उपलब्धियां : शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और नवाचार के क्षेत्र में उनके योगदान को कई सम्मानों से नवाजा जा चुका है। इनमें ‘श्यामा प्रसाद सम्मान 2023’, मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) द्वारा ‘इनोवेशन एम्बेसडर’ का सम्मान तथा माईगॉव वॉल ऑफ फेम शामिल हैं। उनके नाम 120 शोध पत्र, 12 पुस्तकें तथा डीएसपी-एसईआरबी द्वारा वित्त पोषित परियोजना भी दर्ज हैं।
इस विशेष सम्मान से प्रोफेसर डॉ. अनिर्वाण दास न केवल मेदिनीपुर जिले बल्कि समूचे पश्चिम बंगाल के लिए गौरव की बात बन गए हैं। उनके इस उपलब्धि पर स्थानीय शिक्षाविदों, छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।
तारकेश कुमार ओझा खड़गपुर ब्यूरो के प्रमुख हैं। खड़गपुर और आसपास के क्षेत्रों से राजनीति, स्थानीय घटनाओं और विकास की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। ब्यूरो चीफ के रूप में सालों से कोलकाता हिंदी न्यूज़ से जुड़े हुए हैं।”

