खड़गपुर। शहर के खरीदा इलाके के विभिन्न बाजारों में आज खड़गपुर प्रदूषण प्रतिरोध समिति के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से चुनाव प्रचार के दौरान व बाद में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
समिति के सदस्यों ने कहा कि चुनावी रैलियों, पोस्टर-बैनर, लाउडस्पीकर और वाहनों से बढ़ रहे प्रदूषण को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी दलों की भी है। नागरिकों से अपील की गई कि वे प्रचार के दौरान उम्मीदवारों से पूछें कि “प्रदूषण रोकने के लिए आपकी योजना क्या है?”
समिति के सम्पादक अनिल दास ने कहा कि लोकतंत्र का उत्सव पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर नहीं मनाया जाना चाहिए और सभी दलों को पर्यावरण संरक्षण पर अपनी प्रतिबद्धता सार्वजनिक करनी चाहिए।
अभियान में प्रो. तपन कुमार पाल, देवाशीष दे, बिजन दत्त, समीर गांगुली, बिप्लब भट्ट और शिप्रा मंडल समेत कई लोग मौजूद रहे। बाजारों में पर्चे बांटकर दुकानदारों व आम लोगों को जागरूक किया गया।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण अब केवल सरकार नहीं, बल्कि नागरिकों, राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की साझा जिम्मेदारी है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

