कोलकाता। उत्तर कोलकाता के व्यस्त हाथीबागान इलाके में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कोलकाता पुलिस की एक गश्ती गाड़ी ने एक निजी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस पुलिसकर्मी ने वाहन चला रहा था, वह नशे में था और बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
घटना रात करीब 10 बजे के आसपास की है, जब बाजार बंद होने की कगार पर था और सड़क पर आम लोगों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान पुलिस वाहन तेज़ गति से आया और एक सफेद रंग की कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस हरकत पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
घटना के तुरंत बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बहस भी की।
एक स्थानीय दुकानदार ने कहा—”ये पूरी तरह से गैरज़िम्मेदाराना हरकत है। अगर पुलिस ही शराब पीकर गाड़ी चलाएगी, तो आम जनता की सुरक्षा कौन सुनिश्चित करेगा?”
राहगीरों और निवासियों का कहना है कि पुलिसकर्मी के चलने और बोलने के अंदाज़ से साफ लग रहा था कि वह नशे की हालत में था। कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंचे अन्य पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया।
कोलकाता पुलिस की ओर से अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन सूत्रों की मानें, तो पुलिस विभाग ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है और संबंधित पुलिसकर्मी से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोग पूछ रहे हैं कि जब कानून के रक्षक ही नियमों का उल्लंघन करेंगे, तो फिर न्याय और व्यवस्था की उम्मीद किससे की जाए?
स्थानीय नागरिक संगठनों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह है कि कोलकाता पुलिस इस मामले में कितनी पारदर्शिता और सख्ती दिखाती है, या फिर यह मामला भी बाकी मामलों की तरह दबा दिया जाएगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

