तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। झाड़ग्राम जिले में बढ़ते रक्त संकट के बीच जिला पुलिस ने एक मानवीय पहल की शुरुआत की है। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को लालगढ़ थाने में आयोजित रक्तदान शिविर के जरिए पुलिस प्रशासन ने रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को राहत पहुंचाने का संदेश दिया।
जिला पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में रक्त के अभाव में कई मरीजों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। कुछ मामलों में समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने से जान पर भी बन आई। इसी स्थिति को देखते हुए जिला पुलिस ने पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से रक्तदान अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
इस अभियान की शुरुआत लालगढ़ थाने से हुई, जहां पुलिसकर्मियों ने स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने उदाहरण पेश किया। शिविर में करीब 100 पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम में झाड़ग्राम के पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला, विधायक लक्ष्मीकांत साउ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (हेडक्वार्टर) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन देने जैसा है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्त संकट जैसी गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रशासन का यह कदम न केवल मरीजों के लिए मददगार साबित होगा, बल्कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

